फिल्मों से लगभग गायब हो चुकी तब्बू आपको एक नया काम करती हुई दिखेंगी। ऐसा इस साल के आखिरी तक हो जाएगा।
नई श्रद्धा कपूर और आलिया भट्ट से लेकर पुरानी माधुरी दीक्षित तक इस साल अपनी फिल्मों में गाती हुई नजर आई हैं, ऐसे में अगर तब्बू भी इस दिशा में कदम बढ़ा रही हैं तो किसी को आश्चर्य करने की जरूरत नहीं है।
निर्देशक-संगीतकार विशाल भारद्वाज की अगली फिल्म ‘हैदर’ रिलीज के लिए तैयार है और आज सोमवार को इसका प्रोमो मुंबई में रिलीज होने जा रहा है। शेक्सपीयर के नाटक ‘हेमलेट’ पर आधारित यह फिल्म अपनी जगह है, लेकिन खास बात है कि आपको इसमें तब्बू की आवाज में गाना सुनाई देगा।
तब्बू ने जो गीत गाया है उसके बोल हैं ‘रोशे वाले...’। खुद विशाल ने इस गाने की धुन बनाई है। बताया जाता है कि शूटिंग के दौरान एक सीन में तब्बू को ये बोल गुनगुनाने थे। तब उनकी आवाज विशाल को इतनी अच्छी कि उन्होंने यह गीत इस अभिनेत्री की आवाज में ही रिकॉर्ड करने का फैसला कर लिया।
यह गीत फिल्म के एलबम में भी तब्बू की आवाज में रखा गया है। तब्बू अब तक अपनी बेमिसाल अदाकारी के लिए पहचानी जाती हैं, अब अगर उन्हें गायकी के लिए भी याद किया जाने लगे तो कुछ गलत नहीं होगा।