प्रयोगशील सिनेमा में अभिनेता आयुष्मान खुराना को कंधे से कंधा मिलाकर टक्कर देती रहीं अभिनेत्री तापसी पन्नू की एक और फिल्म सीधे ओटीटी पर रिलीज होने जा रही है। फिल्म ‘थप्पड़’ के सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद से तापसी की ये चौथी फिल्म होगी जो सिनेमाघरों की बजाय ओटीटी पर रिलीज होगी। नेटफ्लिक्स ने सोमवार को तापसी की इस फिल्म ‘लूप लपेटा’ के डिजिटल प्रीमियर का एलान किया। फिल्म के रिलीज की तारीख अभी तय नहीं हुई है। 1998 में रिलीज हुई जर्मनी की क्लासिक कल्ट फिल्म ‘लोला रेन्नट’ (अंग्रेजी में ‘रन लोला रन’) पर आधारित हिंदी रीमेक में तापसी के साथ अभिनेता ताहिर राज भसीन दिखाई देंगे।
तापसी पन्नू, ताहिर भसीन
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
फिल्म ‘लूप लपेटा’ एक एक्सपेरिमेंटल थ्रिलर फिल्म है। इसमें एक युवती अपने बॉयफ्रेंड को बचाने के लिए बहुत सारा ताना बाना बुनती है। इससे अलग अलग तरह की परिस्थितियां बनती हैं और हालात के इस जाल से दोनों कैसे निकलते हैं, इसी को फिल्म में दिलचस्प तरीके से दिखाने की कोशिश निर्देशक आकाश भाटिया ने की है। आकाश की बतौर निर्देशक ये डेब्यू फिल्म होगी।
तापसी पन्नू
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
अपनी पहली फिल्म को सीधे नेटफ्लिक्स पर रिलीज होते हुए देखकर निर्देशक आकाश भाटिया कहते हैं, ‘मैं खुश हूं कि मेरी पहली फिल्म ‘लूप लपेटा’ को नेटफ्लिक्स के जरिये दुनिया भर के दर्शक मिलने वाले हैं। इस फिल्म को बनाने में जिस उल्लास से हम गुजरे हैं उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता है। फिल्म ने जो आकार लिया है, उससे मैं बहुत खुश हूं। ये फिल्म कॉमेडी से थ्रिलर, थ्रिलर से रोमांस की श्रेणियों में उछलती कूदती रहती है। दर्शकों के लिए ये किसी तेज रफ्तार झूले से कम नहीं है। अतुल कसबेकर और तनुज गर्ग जैसे निर्माताओं के साथ ने इस मिशन में मेरी भरपूर सहायता की है।’
तापसी पन्नू
- फोटो : सोशल मीडिया
नेटफ्लिक्स की फिल्म और लाइसेंसिग निदेशक प्रतीक्षा राव के मुताबिक, आकाश भाटिया के निर्देशकीय डेब्यू का प्लेटफॉर्म बनने से उनकी टीम भी काफी आनंदित है। वह कहती हैं कि नेटफ्लिक्स हमेशा से अपने ग्राहकों के मनोरंजन के लिए रोचक फिल्में लाता रहा है और फिल्म ‘लूप लपेटा’ इस कड़ी में हमारी एक अनोखी प्रस्तुति होने जा रही है। इस फिल्म ने नेटफ्लिक्स की फिल्मों की स्लेट को भी समृद्ध किया है।
तापसी पन्नू
- फोटो : Instagram
फिल्म ‘लूप लपेटा’ तापसी पन्नू की लगातार ऐसी चौथी फिल्म है जो सीधे ओटीटी पर रिलीज होने जा रही है। तापसी पन्नू की फिल्म ‘हसीन दिलरुबा’ भी इसके पहले नेटफ्लिक्स पर ही रिलीज हुई थी। इसके बाद तापसी की तमिल फिल्म ‘अन्नाबेल सेतुपति’ डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर और फिल्म ‘रश्मि रॉकेट’ सीधे जी5 पर रिलीज हुई। तापसी इन दिनों तमिल की दो, तेलुगू की एक और हिंदी की चार फिल्मों में काम कर रही हैं। फिल्म ‘ब्लर’ से वह फिल्म निर्माता भी बन चुकी हैं।