निर्माता आनंद एल राय की अगली फिल्म 'हसीन दिलरुबा' की शूटिंग का श्रीगणेश हो चुका है। पिछले साल के अंतिम महीने में ही इस फिल्म की आधिकारिक घोषणा हुई है, तभी से यह फिल्म सिनेप्रेमियों के बीच चर्चा का केंद्र बनी हुई है। पिंक, बदला, सांड की आंख जैसी आलोचकों की सराही फिल्मों में अपनी छाप छोड़ चुकी अभिनेत्री तापसी पन्नू इस फिल्म का मुख्य हिस्सा होंगी, और वह दीपिका पादुकोण की फिल्म 'छपाक' के हीरो विक्रांत मैसी के साथ रोमांटिक जोड़ी बनाएंगी।
इस फिल्म को निर्देशित करने का जिम्मा 'हंसी तो फंसी' जैसी फिल्म के निर्देशक विनिल मैथ्यू को सौंपा गया है। फिल्म 'मनमर्जियां' और 'जजमेंटल है क्या' की लेखक कनिका ढिल्लों ने इस फिल्म की कहानी को शब्दों में पिरोया है। यह एक रहस्यमयी हत्या के इर्द-गिर्द घूमने वाली रोमांटिक थ्रिलर फिल्म होगी, जिसकी कहानी के बारे में तनिक भी जानकारी नहीं दी गई है। फिल्म के क्लैप बोर्ड की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करके खुद आनंद एल राय ने फिल्म की शूटिंग शुरू होने की जानकारी दी है।
आनंद एल राय कहते हैं, 'हसीन दिलरुबा एक मर्डर मिस्ट्री है, जिसकी कहानी के बीच पनपती एक प्रेम कहानी में कई निर्णायक मोड़ आते हैं। यह एक ऐसा जॉनर है, जिसपर हमने पहले कभी काम नहीं किया है। हमें भरोसा है कि इस आकर्षक पटकथा के साथ दर्शकों का मनोरंजन भी होगा और यह कहानी दर्शकों को बांधे रखने में भी सक्षम रहेगी।' यह फिल्म इसी साल 18 सितंबर को रिलीज होगी।
इस साल तापसी की थाली फिल्मों से पूरी तरह भरी हुई है। इस फिल्म के अलावा वह अनुभव सिन्हा की फिल्म 'थप्पड़' में दिखाई देंगी, जोकि 28 फरवरी को रिलीज होने वाली है। इसके अलावा, तापसी भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज की बायोपिक 'शाबाश मिठू' और एक एथलीट की कहानी पर बनने वाली रश्मि रॉकेट में भी नजर आएंगी।