स्वरा ने पहले भी ट्वीट कर इस यात्रा को अपना समर्थन दिया था। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से राहुल गांधी के साथ स्वरा भास्कर की तस्वीर साझा की है। तस्वीर के कैप्शन में लिखा गया - "आज प्रसिद्ध अभिनेत्री स्वरा भास्कर इस यात्रा का हिस्सा बनीं, समाज के हर वर्ग की उपस्थिति ने इस यात्रा को सफल बनाया है"। स्वरा पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, कांग्रेस नेता हरीश रावत, विधायक रामलाल मालवीय, मुरली मोरवाल और हजारों की भीड़ के साथ कदमताल करती चली।
यह भी पढ़ें: प्रतीक बब्बर और श्वेता बसु प्रसाद की बेहतरीन अदाकारी, मधुर के निर्देशन से निराशा
भारती जोड़ो यात्रा के दौरान स्वरा भास्कर ने सफेद कुर्ता पहन रखा था, जबकि राहुल भी सफेद टी-शर्ट में नजर आए। इससे पहले स्वरा ने गुरुवार को उज्जैन पहुंचने की तस्वीरें रीट्वीट की थीं। वे लोगों की भीड़ के सामने चली और राजनेता की सुरक्षा टीम ने उन्हें घेर लिया। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उनके वीडियो और तस्वीरों पर प्रतिक्रिया दी, कुछ ने भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए अभिनेत्री की प्रशंसा की और पार्टी और नेता के लिए अपना समर्थन दिखाया। तो वहीं दूसरी तरफ कुछ लोगों ने अभिनेत्री की जमकर आलोचना भी की।
अभिनेत्री स्वरा भास्कर के भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने पर मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने ट्वीटर पर वी़डियो शेयर कर कहा कि राहुल गांधी की यात्रा में टुकड़े-टुकड़े गैंग की समर्थक स्वरा भास्कर और कन्हैया कुमार जैसे राष्ट्र विरोधी मानसिकता वाले लोगों का शामिल होना इस बात का प्रमाण है कि यह भारत को तोड़ने वालों के समर्थन में निकाली जा रही यात्रा है।
बता दें कि कांग्रेस कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा निकाल रही है। इसकी शुरुआत 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से हुई थी। राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही इस यात्रा को 84 दिन बीत चुके हैं। यानी आज इसका 85वां दिन है। इतने दिनों में यात्रा तमिलनाडु से केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और महाराष्ट्र होते हुए मध्य प्रदेश पहुंच गई है।