एक ओर जहां हर कोई वैलेंटाइन डे पर अपने प्यार को गुलाब देकर वैलेंटाइन मना रहा है। वहीं दिवंगत अभिनेता इरफान खान की पत्नी सुतापा सिकदर ने सबसे अलग और अनोखे तरीके से इरफान खान के लिए एक प्यारा नोट लिखा है। साथ ही उन्होंने बताया कि कैसे वो और इरफान वैलेंटाइन से इतर एक-दूसरे पर प्यार बरसाते थे और क्यों नहीं मनाते थे सबकी तरह वैलेंटाइन?
सुतापा ने वैलेंटाइन के मौके पर एक पोस्ट साझा की है। इस पोस्ट में उन्होंने एक वीडियो साझा किया है, जिसमें उनकी और इरफान की कुछ खूबसूरत तस्वीरें शामिल हैं। इसके अलावा कई सारी सब्जियों की झलक दिखती है। इसमें कच्चे केलों से लेकर पालक, सोया और धनिया जैसी सब्जियां शामिल हैं। इसके साथ ही सुतापा ने इरफान को याद करते हुए एक दिल छू लेने वाला प्यारा सा लंबा नोट लिखा है।
इरफान-सुतापा ने कभी नहीं मनाया वैलेंटाइन डे
अपने इस लंबे से नोट की शुरुआत सुतापा ने यह कहते हुए की कि वैलेंटाइन डे पर इरफान की पोस्ट तो याद ही आती है। इसके बाद उन्होंने लिखा, ‘हम उस पीढ़ी से हैं जब यह इतना प्रचलित नहीं था। इसकी अच्छी बात क्या थी? इससे पैसे बचते थे और हम सुरक्षित रहते थे। हमें 'संस्कारी' गुंडों द्वारा परेशान नहीं किया जाता था।
वैसे भी उस समय कोई संस्कारी गुंडे थे ही नहीं और जैसे-जैसे हम बड़े हुए, इरफान को सामान बेचने वाली कंपनियों द्वारा मनाया जाने वाला यह 'दिन' मजाक लगने लगा। तो हां, हमने कभी वैलेंटाइन डे नहीं मनाया। डर से नहीं बल्कि अपनी मर्जी से। लेकिन हमारे घर में हम पसंद का सम्मान करते हैं। इसलिए अगर मेरे बेटे इसे मनाना चाहते हैं तो उन्हें मनाने दो।
बाबू शोना, उन्हें रहने दो लेकिन तोहफे के तौर पर मैंने अपने फार्म की ऑर्गेनिक सब्जियां सुझाईं। इनका रंग तो लाल होना चाहिए!! मेरे बेटे ने इस पर आंखें घुमाईं। तब मुझे अपने प्यारे इरफान की आवाज सुनाई दी, ‘अरे यार, कुछ अच्छा सा खा लेंगे बनाके’। अब की बात करें तो, मेरा बेटा मुझे अविश्वास से देखता है और हरी सब्जियां लेकर चला जाता है। सभी को कटहल दिवस की शुभकामनाएं।’