बॉम्बे हाईकोर्ट के बाद अब सुप्रीम कोर्ट पहुंची संजय गांधी कथित बेटी प्रिया पॉल को यहां भी हार का सामना करना पड़ा। प्रिया ने कोर्ट में मधुर भंडारकर की फिल्म 'इंदु सरकार' की रिलीज पर रोक लगाने के लिए याचिका दायर की थी जिसे कोर्ट खारिज कर दिया है।
Supreme Court refused to stay release of Hindi film Indu Sarkar. Priya Singh Paul had filed a plea seeking stay of release of film.
— ANI (@ANI_news) July 27, 2017
बॉम्बे हाईकोर्ट ने प्रिया की याचिका खारिज कर दी थी जिसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। अपनी याचिका में उन्होंने पूछा था कि फिल्म के डायरेक्टर बताएं इस फिल्म में क्या काल्पनिक है और क्या वास्तविक। इसके साथ ही उन्होंने फिल्म की रिलीज रोकने की भी मांग की थी। उनका कहना है कि इस फिल्म से उनके पिता संजय गांधी की छवि खराब हो सकती है।
मधुर भंडारकर की 'इंदु सरकार' इमरजेंसी पर आधारित है। फिल्म की रिलीज को रोकने के लिए सिर्फ प्रिया ने ही नहीं, बल्कि कांग्रेस पार्टी ने भी मोर्चा खोल रखा है। नागपुर में होने वाली मधुर भंडारकर की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ऐसा बवाल मचाया था कि उन्हें ये कैंसिल करना पड़ा। कांग्रेस के कई बड़े नेता ये बयान भी दे चुके हैं कि फिल्म से पार्टी की छवि धूमिल होगी।