सनी देओल और सलमान खान का दिवाली पर एक-दूसरे से मुकाबला होगा। दोनो अभिनेताओं की दो बड़ी फिल्में दिवाली पर साथ रिलीज होने वाली हैं। सनी देओल की फिल्म 'घायल वन्स अगेन' सलमान खान की फिल्म 'प्रेम रतन धन पायो' के साथ रिलीज होने वाली है।
'घायल वन्स अगेन' 1990 में आई सनी देओल की सुपरहिट फिल्म 'घायल' का सिक्वल है। जबकि 'प्रेम रतन धन पायो' में लंबे समय बाद सूरज बड़जात्या और सलमान साथ में काम कर रहे हैं।
दो बडे़ अभिनेताओं की फिल्में एक साथ रिलीज होने से बॉक्स ऑफिस पर भी निगाहें रहेंगी कि कौन सी फिल्म कितनी कमाई करती है। इस बारे में सनी देओल ने सलमान और फिल्म के बारे में अपने दिल की बात कही है।
मेरी फिल्म अलग है, इसलिए कोई प्रतियोगिता नहीं है: सनी देओल
बॉक्स ऑफिस पर फिल्मों में स्पर्धा पर सनी देओल ने पीटीआई को दिए इंटरव्यू में कहा कि दो फिल्मों का एक साथ रिलीज होना कोई बड़ी बात नहीं है और वैसे भी सलमान खान के साथ उनका कोई मुकाबला नहीं है।
सनी देओल ने कहा कि फिल्मों के बीच जंग जैसे टर्म मीडिया के दिए हुए हैं। यह ऐसी बाते हैं, जो दो लोगों के बीच अच्छी या बुरी चीजें पैदा करती हैं। दो-तीन या इससे भी ज्यादा फिल्में भी एक साथ रिलीज होती रही हैं।
अपनी एक्शन फिल्मों के लिए मशहूर सनी की कहना है कि एक साथ कई फिल्मों का रिलीज होना बिल्कुल आम बात है। हमारी फिल्म अलग है ऐसे में प्रतियोगिता की कोई बात ही नहीं है।
फिल्म ने बजट जितना पैसा भी निकाल लिया तो अच्छा बिजनेस
बॉक्स ऑफिस पर लगातार बन रहे कमाई के रिकॉर्ड और 100-200 करोड़ी क्लब जैसे स्तरों में फिल्मों को रखे जाने पर सनी का ज्यादा ध्यान नहीं है। 58 साल के देओल का मानना है कि एक निर्माता के तौर पर यदि उनकी फिल्म ने बजट जितना खर्च निकाल लिया, तो उसने अच्छा बिजनेस किया है।
नब्बे के दशक में कई सफल फिल्में देने वाले सनी कहते हैं कि "यदि मैं निर्माता हूं तो मुझे लगता है अगर मेरा पूरा पैसा वसूल हो गया है तो यह अच्छा बिजनेस है। यदि आप ऐसी बातों को मुद्दा बनाएंगे तो परेशानी होगी। मैं बस आशा करता हूं कि लोग मेरी फिल्मों को पसंद करें।’’
"सभी बॉलीवुड अभिनेताओं के साथ मेरे अच्छे रिश्ते हैं"
बॉलीवुड अभिनेताओं में शीर्ष स्थान और प्रतिस्पर्धा पर सनी देओल कहते हैं "यह कोई जंग नहीं है। किसी अभिनेता के साथ बॉक्स ऑफिस पर कोई प्रतिस्पर्धा नहीं है। आज लोग बॉक्स ऑफिस के बारे में अच्छी बातें नहीं कर रहे हैं। पहले ऐसा नहीं होता था।"
सलमान खान के रिश्तो पर धर्मेंद्र के बेटे सनी ने कहा ‘‘मेरे संबंध सभी अभिनेताओं के साथ अच्छे हैं। मुझे किसी के साथ कोई समस्या नहीं है।’’ सनी देओल काफी लंबे समय से बॉलीवुड में अपना पुराना मकाम पाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में 'घायल वन्स अगेन' से उन्हे बहुत उम्मीदें हैं।