सनी देओल 14 साल पहले किए हुआ एक काम दोहराने जा रहे हैं। देखते हैं कि वह क्या कारनामा करने जा रहे हैं।
चौदह साल बाद सनी देओल डायरेक्टर की कुर्सी पर दिखाई देंगे। आखिरकार सनी ने तय कर लिया है कि वे अपने बैनर की सुपरहिट फिल्म घायल (1990) की स्वीक्वल घायल रिटन्र्स का निर्देशन खुद करेंगे। इसके पहले वे फिल्म दिल्लगी (1999) का निर्देशन कर चुके हैं।
विजयेता फिल्म्स बैनर तले बनने वाली इस सीक्वल के लिए सनी ने कई निर्देशकों से बात की थी, लेकिन कुछ तय नहीं हो पाया। घायल के निर्देशक राजकुमार संतोषी के इस प्रोजेक्ट में ज्यादा रुचि न लेने की वजह से सनी ने अश्विनी चौधरी को घायल रिटन्र्स के निर्देशन की जिम्मेदारी सौंपी, लेकिन स्क्रिप्ट पर मामला अटक गया।
इसके बाद राहुल रवैल से चर्चा हुई। राहुल रवैल के विजयेता फिल्म्स से तीस साल पुराने संबंध हैं। वे सनी के साथ बेताब, अर्जुन और अर्जुन पंडित जैसी फिल्में कर चुके हैं। परंतु यहां भी मामला जम नहीं पाया। सनी की समझ में नहीं आया कि आखिर ऐसा क्यों हो रहा है?
क्या घायल रिटन्र्स का प्रोजेक्ट हमेशा के लिए ठंडे बस्ते में डालना पड़ेगा? सनी ने नकारात्मकता को एक ही पल में झटक दिया और खुद निर्देशन की कमान अपने हाथ में लेने का फैसला कर लिया। करीबी जनों की मानें, तो सनी को पूरा भरोसा है कि वे निर्देशन की कुर्सी आसानी से संभाल सकते हैं। आखिर वे तीन दशक से अभिनय कर रहे हैं और एक फिल्म के निर्देशन का उन्हें तजुर्बा भी है।
सूत्रों की मानें, तो घायल रिटन्र्स की कहानी में पिता और बेटी के स्नेहिल संबंधों को परदे पर उतारा जाएगा। ऐसा नहीं है कि इस फिल्म में एक्शन को तरजीह नहीं दी जाएगी, लेकिन भावनात्मक संबंधों को प्रमुखता से पेश किया जाएगा।
इस फिल्म में आज के दौर की कहानी होगी और उसे आधुनिक संदर्भों में ही प्रस्तुत किया जाएगा। सनी इस फिल्म की शूटिंग फरवरी, 2014 में आरंभ कर देंगे। शूटिंग का पहला शिड्यूल मनाली का रखा जाएगा। जनवरी से इस फिल्म के म्यूजिक का काम शुरू हो जाएगा।