'बॉर्डर 2' का बॉक्स ऑफिस
फिल्म 'बॉर्डर 2' अपनी रिलीज के तीसरे सप्ताह में चल रही है। वीकडे में इसकी कमाई में गिरावट आई है, मगर फिर भी यह अच्छा कलेक्शन जुटा रही है। कल मंगलवार को 19वें दिन इसका कलेक्शन 2.5 करोड़ रुपये रहा था। वहीं, आज बुधवार को फिल्म की कमाई 1.32 करोड़ रुपये है। इसका टोटल कलेक्शन अब 315.57 करोड़ रुपये हो चुका है।
'मर्दानी 3' का बॉक्स ऑफिस
फिल्म 'मर्दानी' फ्रेंचाईजी की पिछली दोनों फिल्में बॉक्स ऑफिस पर हिट रही थीं। मगर, यह तीसरी कड़ी कमाई के मामले में कमजोर पड़ रही है। इस फिल्म को क्रिटिक्स से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। दर्शकों को भी फिल्म पसंद आई है। इसके बावजूद यह फिल्म अब तक 50 करोड़ रुपये भी नहीं कमा पाई है। कल मंगलवार को इस फिल्म ने 1.6 करोड़ रुपये कमाए थे। वहीं, आज बुधवार को 13वें दिन इसने 85 लाख रुपये का कलेक्शन जुटाया है। फिल्म का टोटल कलेक्शन 39.55 करोड़ रुपये हो गया है।
'वध 2' का बॉक्स ऑफिस
फिल्म 'वध 2' 06 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। यह संजय मिश्रा और नीना गुप्ता की साल 2022 में आई 'वध' फिल्म का ही सीक्वल है। कम बजट की यह फिल्म वीकडे में औसत प्रदर्शन कर रही है। कल मंगलवार को इसने 35 लाख रुपये कमाए थे। वहीं, आज बुधवार को छठे दिन इसकी कमाई 23 लाख रुपये है। इसका टोटल कलेक्शन 3.23 करोड़ रुपये हो चुका है। इस फिल्म का बजट करीब आठ करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
क्या 'ओ रोमियो' से बिगड़ेगा गेम?
अभी तक 'बॉर्डर 2' के सामने कोई मजबूत फिल्म नहीं है। ऐसे में यह दर्शकों को लुभा रही है। मगर, आने वाले दिनों में शाहिद कपूर की फिल्म 'ओ रोमियो' दस्तक देने वाली है। यह फिल्म 13 फरवरी को रिलीज होगी। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि क्या शाहिद की फिल्म 'बॉर्डर 2' और इसके अलावा लगीं दोनों फिल्मों को प्रभावित करेगी?