डिजिटल मीडिया से मनोरंजन जगत को कई नई चीजें मिली है। इन्ही में से एक है स्टैंड अप कॉमेडी। कुछ साल पहले देश मे स्टैंडअप को सिर्फ गिने चुने लोग ही जानते थे, लेकिन डिजिटल मीडिया के आने से नए कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला और उन्होंने स्टैंडअप कॉमेडी का परिचय पूरे देश से कराया। स्टैंडअप कॉमेडी के इन्ही शुरुआती कलाकारों में से एक हैं जाकिर खान, जो इन दिनों वेब सीरीज 'कॉमिकस्तान' के दूसरे सीजन का जज बनने को लेकर सुर्खियों में हैं।
देश मे नई स्टैंड अप कॉमेडी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए शुरू किए गए वेब शो 'कॉमिकस्तान' के पहले सीजन में कुल मिलाकर 9 एपिसोड प्रसारित किए गए थे। इसमें तन्मय भट्ट, बिस्वा कल्याण और कन्नन गिल जैसे कई जाने माने कॉमेडियन जज की भूमिका में नजर आए थे। कॉमिकस्तान के पहले सीजन के विजेता नोएडा के निशांत सूरी थे। इस बार तन्मय भट्ट, सपन वर्मा और नवीन रिचर्ड कॉमिकस्तान के निर्णायक दल का हिस्सा नहीं होंगे।
हिंदी और उर्दू भाषा पर अपनी बेहतरीन पकड़ और अच्छे कंटेंट के कारण जाकिर दर्शकों को हंसाने के साथ-साथ उनके बीच अपना संदेश भी कुशलतापूर्वक पहुंचाने की क्षमता रखतें है। इसके अलावा जाकिर सामाजिक और राजनैतिक मुद्दों पर व्यंग भी अच्छा करते हैं। 2012 में 'कॉमेडी सेंट्रल' नामक प्रतियोगिता जीतकर सुर्खियों में आए जाकिर इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी मशहूर कलाकार हैं। जाकिर यूट्यूब पर एआईबी का भी हिस्सा रह चुके हैं।