मुंबई में चल रहे मामी फिल्म फेस्टिवल में हिंदी फिल्म जगत के कुछ दिग्गज फिल्मकारों की शिरकत देखने को मिली। इस कार्यक्रम में मेघना गुलजार, अमर कौशिक, अमित शर्मा, सिद्वार्थ आनंद, कोंकणा सेन शर्मा और श्रीराम राघवन पहुंचे। फिल्ममेकर्स के अनुभव को करीब से जानने और उनकी बेशकीमती सीख हासिल करने के लिए देशभर के युवा निर्देशक और लेखक मामी फिल्म फेस्टिवल की इस पहल का रविवार को हिस्सा बने।
इस खास मौके पर फिल्ममेकर्स ने युवाओं को कुछ सीख भी दी। मेघना गुलजार और अमित शर्मा ने कहा कि अगर आप इस इंडस्ट्री में अपना करियर बनाने की सोच रहे हैं तो आपको धैर्य बनाए रखने की बहुत जरूरत है। अमर कौशिक ने कहा अपने काम के साथ हमेशा ईमानदारी बरतें और सच्चाई के साथ काम करें। अक्सर हम एक फिल्म में असिस्ट करने के बाद ही सोच लेते हैं कि हम निर्देशक बनने के लिए तैयार हैं वैसा रवैया अपने प्रोफेशनल लाइफ में नहीं रखना चाहिए।
वहीं सिद्वार्थ आनंद और कोंकणा सेन शर्मा ने कहा कि सिनेमा जगत दूर से तो बहुत ही चकाचौंध भरी दिखती है लेकिन असल में यह अंदर से बहुत ही कठोर है। किसी और फील्ड में तो आपको बैकअप आसानी से मिल सकता है लेकिन इस इंडस्ट्री में अगर आप एक बार फ्लॉप होते हैं तो फिर खाने के भी लाले पड़ जाते हैं। तो इस फील्ड में आने से पहले आप अपने पीछे ऐसा इंतजाम जरूर कर लें कि आप अपना और अपने परिवार का पेट जरूर भर सकें। श्रीराम राघवन ने कहा कि कोई दूसरा आप के साथ कठोर रवैये से पेश आए उससे पहले आप खुद के साथ कठोर हो जाइए।
कार्यक्रम में फिल्मकारों से यह भी पूछा गया कि क्या आप किसी लेखक की स्क्रिप्ट पर हुबहू फिल्म बनाना पसंद करेंगे या फिर उसे अपने हिसाब से बदलेंगे तो सिद्वार्थ ने कहा कि फिल्म बचना ऐ हसीनो की स्क्रिप्ट मेरी नहीं थी लेकिन मैंने उसपर बिना कोई छेड़-छाड़ किए फिल्म बनाई । वहीं दूसरे फिल्मकारों ने बताया कि सभी निर्देशक लेखको की स्क्रिप्ट का स्वागत करते हैं। अगर कोई कहानी पसंद आती है तो उसपर फिल्म भी बनाते हैं। हालांकि सिर्फ एक बात पर ध्यान देने की जरुरत है कि जब भी कोई स्क्रिप्ट भेजे तो उसे संक्षेप में लिख कर भेंजे ताकि हमें स्क्रिप्ट पढ़ने में अधिक समय नहीं लगे। साथ ही यह भी जरूर ध्यान रखें कि निर्देशकों को वैसी ही स्क्रिप्ट ना भेजे जिसपर वह पहले ही फिल्म बना चुके हों।
निर्देशको ने सीख देने के साथ दर्शकों को यह भी बताया कि आज के समय में आप हमें भी अपनी स्क्रिप्ट इमेल के जरिए भेज सकते हैं साथ ही आप हमारे ऑफिस और प्रोडक्शन हाउस में भी अपनी स्क्रिप्ट जमा करवा सकते हैं। अगर कहानी पसंद आई तो उसपर सोचा जा सकता है।
पढ़ें: बेटी के सामने गोविंदा ने की दोबारा शादी, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे फोटोज