भारत में तो
श्रीदेवी ने दिलों पर राज किया है, भारत से बाहर
पाकिस्तान और दूसरे देशों में भी उनका जलवा कम नहीं था। पाकिस्तान में भी ट्विटर पर श्रीदेवी को लेकर चर्चा जारी है। पाकिस्तानी पत्रकार हामिद मीर ने ट्वीट करके बताया कि रविवार को वहाँ के टीवी चैनल जिओ न्यूज ने हेडलाइन्स में पहले पांच मिनट तक श्रीदेवी को याद किया।
सिंगापुर में तो एक रेस्तरां सिर्फ इसलिए मशहूर है क्योंकि वहां श्रीदेवी जैसी और उनके नाम पर एक गुड़िया है। जापान जैसे देशों में भी श्रीदेवी का खूब नाम था और वहां की मीडिया में भी श्रीदेवी के निधन से जुड़ी खबरें लगातार आ रही हैं।
जापान में लोकप्रिय
श्रीदेवी की फिल्म 'इंग्लिश विंग्लिश' जापान में भी रिलीज हुई थी। फिल्म 'रूप की रानी चोरों का राजा' में श्रीदेवी एक सीन में जापानी लड़की के लिबास (कीमोनो) और किरदार में नजर आई थीं और इसका इस्तेमाल जापान में फिल्म प्रमोट करने के लिए भी किया गया था।
जब जापान में फिल्म आई थी तो प्रधानमंत्री शिंजो आबे की पत्नी खास तौर पर इसे देखने आई थीं। रजनीकांत के बाद श्रीदेवी पहली ऐसी भारतीय एक्टर थीं जो जापान में इतनी लोकप्रिय हुईं। मलेशिया की मीडिया में भी श्रीदेवी से जुड़ी खबरें छाई हुई हैं।
आखिरी फिल्म 'मॉम'
वहाँ की सबसे पुरानी पार्टियों में से एक मलेशियन इंडियन कांग्रेस के नेता वेल पारी ने भी ट्विटर पर श्रीदेवी को याद किया है और उन्हें बहन मानते थे। जब पिछले साल श्रीदेवी की फिल्म 'मॉम' आई थी तो ये उनकी 300वीं फिल्म भी थी जिनका जश्न भी मनाया गया। 50 साल के करियर में लोगों ने हिंदी, तेलुगू, मलयालम और तमिल फिल्मों में उन्हें कई बार देखा।
लेकिन ये किसी ने नहीं सोचा था कि 'मॉम' उनकी आखिरी फिल्म होगी। पर उनके चाहने वाले उन्हें आखिरी मर्तबा इस साल आने वाली शाहरुख खान की फिल्म 'जीरो' में देख सकेंगे। इसमें वो एक छोटे से रोल भी, मेहमान भूमिका में नजर आएंगी। कुछ महीने पहले शाहरुख और करिश्मा कपूर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट में एक तस्वीर पोस्ट की थी जिसमें श्रीदेवी, करिश्मा, काजोल, रानी और आलिया नजर आ रही हैं।
ऋतिक का पहला शॉट
वैसे श्रीदेवी और शाहरुख खान 90 के दशक में एक साथ फिल्म 'आर्मी' में काम कर चुके हैं। श्रीदेवी ने रजनीकांत से लेकर आफताब शिवदसानी और ऋतिक रोशन तक के साथ काम किया। हालांकि आफताब और ऋतिक को बतौर बाल कलाकार श्रीदेवी के साथ काम करने का मौका मिला था। आफताब शिवदसानी फिल्म 'चालबाज' में तो ऋतिक ने 'भगवान दादा' (1986) में श्रीदेवी के साथ काम किया था।
ऋतिक ने दरअसल ट्विटर पर अपने उस अनुभव के बारे में लिखा भी है कि बतौर बाल कलाकार उनका पहला शॉट श्रीदेवी के साथ था। श्रीदेवी ने खुद भी कभी बाल कलाकार के रूप में ही अपना फिल्मी करियर शुरू किया था। श्रीदेवी की आखिरी फिल्म में भी एक पाकिस्तानी लड़की सजल अली ने उनकी बेटी का रोल किया था।