शनिवार देर रात
दुबई में फिल्म अभिनेत्री श्रीदेवी की मौत हो गई। इस
खबर ने पूरे फिल्म जगत को चौंका कर रख दिया। उनकी मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट बताया गया है। अपने फिल्मी करियर में श्रीदेवी ने बरसात में फिल्माए गानों से धूम मचाई थी और कई सालों के ब्रेक के बाद उन्होंने 2012 में आई 'इंग्लिश-विंग्लिश' फिल्म से बॉलीवुड में वापसी की थी।
यह फिल्म खासी चर्चित रही और उनके अभिनय को सराहा गया। इसके बाद उनकी फिल्मों का प्रशंसक बेताबी से इंतजार करने लगे। यह इंतजार पिछले साल खत्म हुआ जब उनकी फिल्म 'मॉम' रिलीज हुई। फिल्म के प्रमोशन के दौरान उन्होंने खुलकर बीबीसी से बातचीत की। आगे पढ़ें, पिछले साल जुलाई 2017 में उन्होंने बीबीसी से क्या-क्या कहा था।
चांदनी 'फिल्म' में 'लगी आज सावन...', 'चालबाज' में 'ना जाने कहां से आई है' और 'मिस्टर इंडिया' में 'काटे नहीं कटते' गाने बहुत हिट रहे और यह सभी गाने बरसात में फिल्माए गए थे। पर श्रीदेवी को बारिश में गानों का फिल्माया जाना किसी यातना से कम नहीं लगते थे।
बीबीसी से बातचीत में श्रीदेवी ने अपने बरसात के गानों पर टिप्पणी करते हुए कहा था, "बरसात के गाने यातना हैं। मैं उनका कतई आनंद नहीं ले सकती क्योंकि अधिकतर उन गानों को फिल्माते वक्त मैं बीमार हो जाती थी।"
वरदान बनी वैनिटी वैन
कई दशकों तक फिल्मों में काम करने वालीं श्रीदेवी को बदली हुई फिल्म इंडस्ट्री अच्छी लगती थी। उनके मुताबिक, आज की अभिनेत्रियों को बहुत सारी सुविधाएं उपलब्ध हैं, इन सुविधाओं में वरदान है वैनिटी वैन। श्रीदेवी का कहना था, "आज की महिला अदाकारा के लिए वैनिटी वैन वरदान है।
हमारे वक्त ऐसी कोई सुविधा नहीं हुआ करती थी। पेड़ों/ झाड़ियों के पीछे या बस के पीछे हम कपड़े बदला करते थे।" श्रीदेवी ने बताया की शौचालय की कमी की वजह से वो शूटिंग के दौरान पूरे दिन पानी भी नहीं पिया करती थीं। वहीं, अगर किसी सीन के 10 रीटेक हो जाएं तो निर्माता महंगी रील खत्म होने के दबाव में आ जाता था, पर आज वो दिक्कतें नहीं हैं।
बेटी जाह्नवी पर कहा था
श्रीदेवी की बड़ी बेटी जाह्नवी के बारे में अटकलें लगाई जा रही थीं कि वो जल्द ही फिल्मों में कदम रखने वाली हैं। हालांकि, श्रीदेवी को लगता था कि जाह्नवी के भविष्य को लेकर बातें करना जल्दबाजी होगी। ऐसी भी खबरें आई थीं कि जाह्नवी रणबीर कपूर को बहुत पसंद करती हैं, लेकिन श्रीदेवी का कहना था,"ये सब खबरें बहुत ही परेशान करती हैं और ये बातें महत्व देने योग्य नहीं हैं।"
फिल्म 'इंग्लिश विंग्लिश' के पांच साल के बाद श्रीदेवी शक्तिशाली मां के किरदार में 'मॉम' में नजर आईं। इस फिल्म में अक्षय खन्ना और नवाजुद्दीन सिद्दीकी भी अहम भूमिका में नजर आए। देशभर में फिल्म 7 जुलाई को रिलीज हुई। श्रीदेवी की बेटी जाह्नवी कपूर भी बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रही हैं। उनकी पहली फिल्म 'धड़क' 20 जुलाई 2018 को रिलीज होनी है जिसमें उनके साथ अभिनेता शाहिद कपूर के भाई ईशान खट्टर नजर आएंगे।