हिट फिल्म 'मिस्टर इंडिया' का सीक्वल बनने जा रहा है। बोनी कपूर इस फिल्म का निर्माण करेंगे। फिल्म के सीक्वल में श्रीदेवी होंगी। पर खास बात यह है कि इस फिल्म की यूएसपी रहे मोगैंबों इस फिल्म में नहीं होगा। बोनी कपूर ने साफ किया है कि यह फिल्म 'मिस्टर इंडिया' का रीमेक नहीं बल्कि सीक्वल है। चूंकि दर्शकों को यह बात मालूम है कि मोगैंबो मर चुका है इसलिए उसका इस फिल्म में रहने का कोई मतलब नहीं।
'मिस्टर इंडिया' पार्ट वन में मोगैंबो का किरदार अमरीश पुरी ने निभाया था। यह किरदार बहुत ही हिट और चर्चित रहा था। बोनी कपूर ने कहा कि 'मिस्टर इंडिया' में जो भूमिका अनिल कपूर ने की थी इस फिल्म के सीक्वल में उस रोल के लिए सलमान खान से बात चल रही है। मेरी कोशिश है कि वह रोल सलमान खान ही प्ले करें। 'मिस्टर इंडिया' के सीक्वल का निर्देशन कौन करेगा यह बात साफ नहीं हो सकी है।
बोनी चाहते थे कि शेखर कपूर ही इस फिल्म को बनाएं। शेखर कह चुके हैं कि वह इस फिल्म के क्रिएटिव डायरेक्टर बन सकते हैं। फिलहाल बोनी कपूर अपने सुपरहिट फिल्म 'नो एंट्री' के सीक्वल 'नो एंट्री में एंट्री' में व्यस्त हैं। इस फिल्म का निर्देशन अनीस बज्मी कर रहे हैं। फिल्म की स्टारकॉस्ट में थोड़ा बहुत बदलाव है।