दिग्गज गायक एसपी बालासुब्रमण्यम की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया गया है। पांच अगस्त को वो कोविड 19 पॉजिटिव पाए गए थे। जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए चेन्नई के एमजीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। जहां शुरुआत में उनकी हालत स्थिर बताई जा रही थी।
74 वर्षीय गायक अस्पताल की सघन चिकित्सा इकाई (ICU) में जीवन रक्षक प्रणाली (Life Supporting System) पर हैं और विशेषज्ञों की एक टीम उनकी निगरानी कर रही है।
इससे पहले एमजीएम हेल्थकेयर की उपनिदेशक अनुराधा भास्करन ने उनकी हालत के बारे में जानकारी देते हुए बताया था कि, '13 अगस्त की रात को बालासुब्रमण्यम की हालत बिगड़ने लगी। उनका इलाज कर रही विशेषज्ञों की टीम की सलाह पर उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया। वह जीवन रक्षक प्रणाली पर हैं और फिलहाल उनकी हालत गंभीर है।'
एसपी बालासुब्रमण्यम की तबीयत बिगड़ने के बाद उनके लिए दुआओं का दौर जारी है। बॉलीवुड के कई बड़े नामों एआर रहमान, प्रसून जोशी, धनुष सहित अन्य ने उनकी सलामती के लिए प्रार्थना की।
इससे पहले एसपी बालासुब्रमण्यम ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो साझा करते हुए बताया था कि, 'दो तीन दिन से मैं अस्वस्थ महसूस कर रहा था। सीने में जकड़न थी। इसके बाद सर्दी, जुखाम और बुखार हो गया। मैं इसे हल्के में नहीं लेना चाहता था। मैंने अस्पताल जाकर टेस्ट करवाया। डॉक्टर्स ने कहा कि मेरे अंदर कोरोना के हल्के लक्षण हैं और मुझे घर में ही देखभाल करने के लिए कहा, लेकिन परिवार वाले चिंतित थे जिसकी वजह से मैंने खुद को अस्पताल में भर्ती करवा लिया।'