दिग्गज गायक एसपी बालासुब्रमण्यम 5 अगस्त को कोविड 19 पॉजिटिव पाए गए थे। जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। जहां शुरुआत में उनकी हालत स्थिर बताई जा रही थी। जिसके बाद अब एमजीएम हेल्थकेयर ने ताजा स्वास्थ्य बुलेटिन जारी किया है। स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार 74 वर्षीय गायक अस्पताल की सघन चिकित्सा इकाई (ICU) में जीवन रक्षक प्रणाली (Life Supporting System) पर हैं और विशेषज्ञों की एक टीम उनकी निगरानी कर रही है।
एमजीएम हेल्थकेयर की उपनिदेशक अनुराधा भास्करन ने उनकी हालत के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि, '13 अगस्त की रात को बाला सुब्रमण्यम की हालत बिगड़ने लगी। उनका इलाज कर रही विशेषज्ञों की टीम की सलाह पर उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया। वह जीवन रक्षक प्रणाली पर हैं और फिलहाल उनकी हालत गंभीर है।'
उन्होंने कहा कि गायक एवं अभिनेता को कम लक्षणों के साथ भर्ती कराया गया था और हमारे अस्पताल की निगरानी विशेषज्ञों की एक टीम कर रही है। बता दें कि अस्पताल ने बृहस्पतिवार को उनकी हालत में सुधार की बात कही थी।
गौरतलब है कि बालासुब्रमण्यम ने तेलुगू, तमिल, कन्नड, हिंदी और मलयालम फिल्मों के लिए काम किया है। उन्हें गत पांच अगस्त को यहां अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उन्हें दो-तीन दिनों से सर्दी और बुखार था।
पढ़ें: सुशांत की मौत से दो महीने पहले अफेयर की बात से भी इनकार कर रही थीं रिया चक्रवर्ती, एक्टर को बताया था 'समझदार दोस्त'