फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टूट रहा साउथ की फिल्मों का जादू

Wed, 07 Sep 2016 10:53 AM IST
रवि बुले/अमर उजाला, मुंबई
विज्ञापन
विज्ञापन
सोनाक्षी सिन्हा की अकीरा के बॉक्स ऑफिस पर घाटे का सौदा बनने के साथ बॉलीवुड के खाते में साउथ की एक और रीमेक नाकाम साबित रही। पिछले कुछ समय से चर्चा थी कि क्या साउथ की रीमेक पहले की तरह फलदायी नहीं रह गई हैं? बात अब और आगे बढ़ गई है...
विज्ञापन


-बदलते दौर में बॉलीवुड के निर्देशकों को ओरीजनल आइडियों की तलाश है। रीमेक और सीक्वल हाल के वर्षों में खरे नहीं उतर पा रहे हैं। एक समय बड़े सितारों के साथ सफल मानी जाने वाली साउथ की ऐक्शन फिल्मों के रीमेक उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। 2015 में गब्बर इज बैक (तमिलः रमन्ना) और दृश्यम (मलयालमः दृश्यम) हिट थीं तो तेवर  (तेलुगुः ओकाडु) बड़ी फ्लॉप थी। 2013 में संजय दत्त की पुलिसगिरी और 2014 में अजय देवगन की ऐक्शन जैक्शन तथा शाहिद कपूर की आर...राजकुमार फ्लॉप थीं। बीते शुक्रवार को सोनाक्षी सिन्हा की अकीरा ने बॉलीवुड को झटका दिया है। इसके बाद मंथन हो रहा है कि क्या साउथ की फिल्मों की बैसाखी से आगे बढ़ना ठीक होगा या मौलिक आइडियों पर दांव लगाना बेहतर रहेगा।

इंडस्ट्री के जानकारों के अनुसार आज दर्शक हर तरह का सिनेमा देखने को तैयार हैं बशर्ते वह नया हो। ऐसे में निर्माता-निर्देशकों के लिए जरूरी हो जाता है कि वह अलग तरह की कहानियां और स्क्रिप्ट्स ढूंढें। जैसे से इस साल एयरलिफ्ट और नीरजा की थीं। दर्शकों को जानी-पहचानी कहानी भी ऐसी चाहिए, जिसमें उन्हें नया रोमांच मिले। सरबजीत जैसी फिल्म उन्हें नहीं चाहिए। इन दिनों एक कामयाब हीरो को लेकर फिल्म बना रहे एक प्रतिष्ठित निर्देशक नाम उजागर न करने की शर्त पर कहते हैं कि मैंने न कभी साउथ की रीमेक बनाई है और न बनाऊंगा। मुझे लगता है कि इंडस्ट्री में भेड़चाल है। दर्शक फिलहाल साउथ की फिल्मों को नकार रहे हैं और इसलिए नए आइडियों की तलाश हो रही है। वहीं एक ट्रेड विशेषज्ञ के अनुसार, ‘कहानी कहां से आती है इससे दर्शक को फर्क नहीं पड़ता। कंटेंट मजबूत होना चाहिए।’
विज्ञापन
Trending Videos

बड़े सितारों ने पाई साउथ से सफलता

रोचक तथ्य यह है कि सलमान खान, आमिर खान, अक्षय कुमार और अजय देवगन जैसे सितारे जिन्होंने साउथ की रीमेक फिल्मों से सफलताएं पाई, आज मौलिक आइडिये ढूंढ रहे हैं। सलमान को सबसे बड़ी सफलता बजरंगी भाईजान और सुल्तान जैसी फिल्मों से मिली। जो मौलिक थीं। गजनी के बाद आमिर ने साउथ की तरफ मुड़ कर नहीं देखा। एयरलिफ्ट और रुस्तम अक्षय की सबसे कामयाब फिल्में हैं जो मौलिक आइडियों पर आईं। अजय देवगन भी साउथ का मोह छोड़ कर अब शिवाय ला रहे हैं। जिसे उन्होंने खुद लिखा और डायरेक्ट किया।

एक बड़े प्रोडक्शन हाउस में बड़े पद पर बैठे अधिकारी की मानें तो ऐसा नहीं है कि साउथ की फिल्में चल नहीं रहीं। बस, कुछ समय के लिए उनका दौर मंदा पड़ रहा है। असल में किसी भी भाषा की फिल्म को गलत और खराब ढंग से नई भाषा तथा संस्कृति में ढालेंगे तो वह टिकट खिड़की पर नहीं चलेगी। कुछ जानकारों का कहना है कि टीवी की वजह से एक बड़ा दर्शक वर्ग तैयार हो गया है जो मूल फिल्म को डब करके या सबटाइटल्स के साथ देखना पसंद करता है। टीवी पर ये फिल्में आ जाती है। नतीजा यह कि रीमेक संस्करण को कम दर्शक मिलते हैं।

सलमान बहनोई को लेकर परेशान

- फोटो : solaris
लंबे समय से चर्चा है कि सलमान खान अपनी छोटी बहन अर्पिता के पति आयुष शर्मा बॉलीवुड में लॉन्च करने जा रहे हैं। सलमान का बैनर उन्हें लेकर फिल्म बनाएगा। जानकारों के मुताबिक आयुष की लॉन्चिंग के लिए साउथ की किसी फिल्म का रीमेक करने की योजना बनी थी और इसके लिए सलमान की टीम वहां की फिल्में देख रही थीं। टीम ने पिछले दिनों तीन फिल्में चुनी थीं, जिन्हें सलमान ने रिजेक्ट कर दिया। इसके बाद दो और फिल्में चुनी गईं। जिन पर अभी  सलमान को फैसला लेना है। कहा जा रहा है कि सलमान ट्यूबलाइट की शूटिंग खत्म होने के बाद आयुष का करिअर प्लान करने में लग जाएंगे। आयुष्मान ट्यूबलाइट में सहायक निर्देशक के रूप में फिल्म मेकिंग की बारीकियां समझ रहे हैं। सलमान आयुष को हर हाल में 2017 में लॉन्च करना चाहते हैं। देखना यह है कि आयुष की पहली फिल्म साउथ की कोई रीमेक होगी या फिर मौलिक कहानी।

कब होगी शुरुआत
24 को है इंतजारः तमिल सुपरस्टार सूर्या अपनी सुपर हिट फिल्म 24 को हिंदी में बनाना चाहते हैं। तमिल-तेलुगु में बेहद सफल रही इस फिल्म पर कुछ समय पहले तक सलमान खान और ऋतिक रोशन की नजर बताई जा रही थी। फिल्म में सूर्या का ट्रिपल रोल था। 24 ऐसे वैज्ञानिक की कहानी है जो टाइम मशीन बनाता है मगर उसका शातिर भाई तथा बेटा करामाती मशीन हथियाना चाहते हैं। फिल्म सफल थी। इसके बाद भी सलमान-ऋतिक ने दिलचस्पी नहीं दिखाई।

कबाली में अमिताभः जुलाई में रिलीज हुई रजनीकांत स्टारर कबाली ने शुरुआत में तो जबर्दस्त धूम मचाई परंतु इस तमिल फिल्म के हिंदी संस्करण को विशेष कामयाबी नहीं मिली। तब कहा गया कि निर्माता इसे हिंदी में बनाना चाहते हैं और बॉलीवुड रीमेक में अमिताभ बच्चन काम करेंगे। इसके बाद कुछ भी नहीं हुआ। सिर्फ बातें बनीं। फिल्म जितनी तेजी से चर्चित हुई थी, उतनी ही तेजी से हिंदी में लोग भूल भी गए।
-क्या होगा प्रियदर्शन काः हिंदी में बेहतरीन कॉमेडी फिल्में बनाने वाले निर्देशक प्रियदर्शन की आखिरी फिल्म रंगरेज (2013) बुरी तरह नाकाम थी। प्रियदर्शन बॉलीवुड में वापसी हते हैं। उन्होंने अक्षय कुमार के साथ जून में एक कॉमेडी शुरू करने की बात कही थी। इसके अलावा वह अपनी ताजा मलयाली फिल्म ओप्पम और पुलिस लॉक-अप में दी जाने वाली प्रताड़नाओं पर राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म विसरनानी का भी हिंदी रीमेक करना चाहते हैं। निर्माता की तलाश है।
विज्ञापन

अक्षय चले साउथ की ओर

हेरा फेरी, कमबख्त इश्क, खट्टा मीठा, राउडी राठौड़, बॉस और हॉलीडे जैसी साउथ की कॉमेडी तथा ऐक्शन रीमेक करने वाली अक्षय कुमार अगले साल सीधे साउथ की बड़ी फिल्म रोबोट-2 में नजर आएंगे। रजनीकांत की मुख्य भूमिका वाली फिल्म में अक्षय विलेन का रोल प्ले कर रहे हैं। 2010 में आई रजनी की फिल्म रोबोट के इस सीक्वल में अक्षय खलनायक डॉ.रिचर्ड के किरदार में दिखेंगे। इस रोल के लिए निर्देशक शंकर ने पहले हॉलीवुड ऐक्टर अर्नाल्ड श्वारजनेगर के बारे में विचार किया था परंतु अक्षय को फाइनल किया। फिल्म तमिल-तेलुगु-हिंदी में एक साथ रिलीज की जाएगी।

उम्मीद ओके जानू से
-साउथ की अगली बड़ी रीमेक निर्देशक शाद अली की ओके जानू रहेगी। फिल्म मणिरत्नम की तमिल में कामयब ओके कनमनी का हिंदी संस्करण है। आदित्य रॉय कपूर और श्रद्धा कपूर ओके जानू में लीड रोल निभा रहे हैं। फिल्म 2017 में 13 जनवरी को रिलीज होगी। इसकी शूटिंग मई में खत्म हो चुकी है। फिल्म मुंबई में लिव-इन रिलेशनशिप में रहने वाले युवा जोड़े की कहानी है, जिनके मकान मालिक की भूमिका में नसीरूद्दीन शाह और लीला सैमसन नजर आएंगे। गुलजार ने फिल्म के संवाद लिखे हैं और एआर रहमान संगीत तैयार कर रहे हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें