चोटी के तीन स्थानों पर रणवीर सिंह, रणबीर कपूर और आयुष्मान खुराना के काबिज हो जाने के बाद हिंदी सिनेमा में दूसरी कतार की जंग वरुण धवन, राजकुमार राव और टाइगर श्रॉफ के बीच सिमटती दिख ही रही थी कि सूरज फिर से चढ़ आया है। जी हां, फिल्म हीरो से चार साल पहले हिंदी सिनेमा में डेब्यू करने वाले हीरो सूरज पंचोली की नई फिल्म सैटेलाइट शंकर का ट्रेलर गुरुवार को रिलीज हुआ तो लोगों को देसी हीरो की चमक फिर से दिखी है। ट्रेलर ने ही अपनी छाप छोड़ दी है, पिक्चर अभी बाकी है।
साल के पहले महीने में जब सलमान खान ने सूरज की नई फिल्म सैटेलाइट शंकर का पहला पोस्टर रिलीज किया तो लोगों को समझ नहीं आया कि आखिर ये फिल्म है क्या। लेकिन, अब ट्रेलर बता रहा है कि ये एक फौजी शंकर की कहानी है जिसे सीमा पर स्थित चेकपोस्ट पर समय से पहुंचाने के लिए कैसे पूरा देश एक हो जाता है। देश के 10 राज्यों में शूट हुई ये पहली हिंदी फिल्म है और फिल्म में देश को एक सूत्र में बांधने वाला तिरंगा पूरी शान से फहरा रहा है।
दमदार कलाकारों आदित्य पंचोली और जरीना वहाब से घुट्टी में अदाकारी पीने वाले सूरज पंचोली के लिए सैटेलाइट शंकर करियर का सबसे बड़ा टर्निंग प्वाइंट साबित होने जा रही है। फिल्म की कहानी छोटी सी है लेकिन इसके जज्बात बहुत बड़े हैं। ये देश की हिफाजत में लगे लोगों की सहूलितयों की बात करती है। ये उन सब लोगों की बात करती है जो उन दिनों में भी ड्यूटी पर होते हैं, जब देश होली या दीवाली मना रहा होता है। हिंदी सिनेमा में इस फिल्म से साउथ की हीरोइन मेघा की भी एंट्री हो रही है, ट्रेलर में उनके नैन नक्श भी तीखे दिखे हैं और वह अपना असर छोड़ने में कामयाब रही हैं।
डांस मास्टर कमल के बेटे इरफान की बतौर निर्देशक ये दूसरी फिल्म है। उनकी पिछली फिल्म थैंक्स मां को भी काफी सराहना मिली थी। फिल्म टी सीरीज की मूल कंपनी सुपर कैसेट इंडस्ट्रीज लिमिटेड के बैनर तले बनी है और फिल्म वितरण में उनकी महारत देखते हुए कहा जा सकता है कि ये फिल्म देश का कोना कोना सैटेलाइट से जोड़ देगी।