सोनू निगम ने शेयर की दो खास तस्वीरें
सोनू निगम ने आशा भोसले को श्रद्धांजलि देते हुए इंस्टाग्राम पर दो तस्वीरें शेयर की हैं। पहली तस्वीर में सोनू किसी मंच पर दिखाई दे रहे हैं। सोनू पूरे आदर, श्रद्धा और समर्पण के साथ आशा ताई के पैरों को पानी से धोते नजर आ रहे हैं। साथ ही इस तस्वीर में सोनू और आशा के साथ कई लोग नजर आ रहे हैं। दूसरी तस्वीर किसी कॉन्सर्ट की लग रही है। इस तस्वीर में सोनू स्टेज पर आशा के पैरों को छूकर आशीर्वाद ले रहे हैं।
सोनू ने दी आशा भोसले को श्रद्धांजलि
सोनू निगम ने कुछ ही देर पहले आशा भोसले को श्रद्धांजलि देते हुए अपने पुराने दिनों को याद किया। सोनू ने कैप्शन में लिखा, 'हर दौर की सबसे महान गायिकाओं में से एक का सफर आज खत्म हो गया। भारतीय फिल्म संगीत के सुनहरे युग की आखिरी योद्धा ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया।'
रियाज के जुनून ने किया प्रेरित
सोनू ने आगे लिखा, 'उन्होंने एक भरा-पूरा जीवन जिया। इसमें कई उतार-चढ़ाव और मुश्किलों का सामना किया और इन्हीं मुश्किलों ने उन्हें बहुत ऊंचाइयों तक पहुंचाया। दशकों तक अपने संगीत से उन्होंने करोड़ों लोगों के दिल को छुआ। वे ऐसी कलाकार थीं, जिन्होंने अपनी जिंदगी के आखिरी पलों तक रियाज के प्रति जुनून से हमें प्रेरित किया।'