गायक सोनू निगम को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद शहर स्थित एक कॉलेज में संगीत कार्यक्रम के बाद कॉलेज के मालिक द्वारा अपमानित किया गया। दरअसल कार्यक्रम के बाद सोनू दिल्ली के लिए विमान पकड़ना चाहते थे, लेकिन उनके बार-बार आग्रह करने पर भी उन्हें वहां से जाने नहीं दिया गया।
सोनू ने बताया, "मुझे शो के लिए नहीं जाना चाहिए था क्योंकि मेरी मां गम्भीर स्थिति में थी, लेकिन इसके बावजूद मैं वहां गया और तीन घंटे तक प्रस्तुति दी क्योंकि मैंने उनसे वादा किया था, लेकिन मैं कॉलेज के मालिक के व्यवहार से बहुत नाराज हूं।"
उन्होंने बताया, "शो के बाद मुझे तड़के चार बजे दिल्ली के लिए फ्लाइट पकड़नी थी और वह मुझें जाने नहीं दे रहे थे क्योंकि उनके दोस्तों और परिवार के सदस्यों को मेरे साथ फोटो खिंचवानी थी।" सोनू ने कहा, "मैंने धैर्यपूवर्क फोटो खिचवाएं और जब मैंने उनसे कहा मेरी मां की तबीयत खराब है और मुझे जाना है, तो उन्होंने कहना शुरू कर दिया कि मैंने शो के लिए 50 लाख रुपये खर्च किए हैं और जब तक मैंने (सोनू) हर किसी के साथ फोटो नहीं खिंचवा लिया, तब तक उन्होंने मुझे नहीं जाने दिया।"
सोनू अपने साथ हुए इस व्यवहार से आहत हैं। सोनू का कहना है कि यह एक तरह से कलाकार का अपमान हुआ है। यदि किसी कलाकार के साथ ऐसा व्यवहार होगा तो वह अपना कार्यक्रम करने से घबराएगा। वैसे इस घटना के बावजूद सोनू किसी के खिलाफ मामला दर्ज कराने के मूड में नहीं हैं।