हिंदी सहित तमाम दूसरी भाषाओं में अपनी खास अदा की गायिकी से पहचान बनाने वाले मशहूर गायक उदित नारायण को धमकी देने वाले शख्स का मुंबई पुलिस अभी तक पता नहीं लगा पाई है। उदित नारायण ने इस बारे में एक पखवाड़ा पहले मुंबई पुलिस के पास अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने उदित नारायण की सुरक्षा को खतरा देखते हुए उनके साथ सादी वर्दी में सिपाही तैनात कर दिए हैं।
पुलिस के मुताबिक उदित नारायण ने मुंबई के अंबोली थाने में इस बाबत शिकायत लिखाई है। शिकायत में एक मोबाइल नंबर से बार बार फोन करने और उन्हें तरह तरह की धमकियां देने की बात कही गई है। जिस नंबर से फोन किए गए, उसकी लोकेशन पुलिस ने खोज निकाली है और इसकी तहकीकात करने के लिए पुलिस जल्द ही बिहार जाने वाली है।
हिंदी फिल्म इंडस्ट्री का मुख्य कामकाज मुंबई के अंधेरी पश्चिम इलाके में होता है और उदित भी इसी इलाके में रहते हैं। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस इस बारे में उदित से लगातार संपर्क बनाए हुए है और उनकी शिकायत को क्राइम ब्रांच के हवाले किया जा चुका है। उदित को पिछले एक महीने में एक ही नंबर से तीन बार फोन किया गया। फोन करने वाले ने उन पर लगातार नजर होने की बात भी कही। इसके बाद उनकी सुरक्षा के लिए सादी वर्दी में सिपाहियों को तैनात कर दिया गया है।
यह भी पता चला है कि जिस नंबर से उदित नारायण को फोन किए गए, वह नंबर उनकी बिल्डिंग के चौकीदार के नाम है। वहीं चौकीदार का कहना है कि अपने घर बिहार में छुट्टियां बिताते वक्त उनका फोन तीन महीने पहले चोरी हो गया था हालांकि फोन चोरी होने की रिपोर्ट वह दर्ज नहीं करा सके।