डायरेक्टर हंसल मेहता की फिल्म 'सिमरन' काफी समय से चर्चा का विषय बनी हुई है। अब इसे लेकर एक और नया विवाद खड़ा हो गया है। फिल्म के डॉयलॉग लेखक अपूर्व असरानी इस बात से खफा है कि कंगना रनौत को अडिशनल डॉयलॉग और स्टोरी राइटर क्यों लिखा गया है।
साथ ही कंगना का नाम अपूर्व के नाम से पहले लिखा गया है। अपूर्व ने अपना गुस्सा फेसबुक पोस्ट के जरिए निकाला। उन्होंने लिखा, 'मैंने हमेशा से ही कंगना का साथ दिया है। मैं भी एक आउटसाइडर हूं और कंगना की परेशानी अच्छे से समझ सकता हूं।'
उन्होंने आगे लिखा, 'मुझे सबसे ज्यादा तकलीफ इस बात से पहुंची कि कंगना अपने कई इंटरव्यू में ये बात कह चुकी हैं कि उन्हें ये फिल्म वन लाइन स्क्रीनप्ले के साथ ऑफर हुई थी।'
अपूर्व का कहना है कि हंसल ने उन्हें एक न्यूज आर्टिकल भेजा था जिसके बाद इसकी कहानी तैयार की गई। डेढ़ साल की मेहनत के बाद कहानी तैयार हुई और अब इसका क्रेडिट उनसे छीना जा रहा है।