हिंदी सिनेमा के कपाड़िया परिवार की मदद के लिए हमेशा तैयार रहने वाले ही मैन सनी देओल ने अब अपनी कॉस्ट्यूम डिजाइनर रहीं सिंपल कपाड़िया के बेटे करण कपाड़िया की लॉन्चिंग में भी मदद करने का फैसला किया है। सनी अपने बेटे करण देओल की लॉन्चिंग को लेकर फिल्म 'पल पल दिल के पास' बना रहे हैं और करण कपाड़िया की पहली फिल्म ब्लैंक में भी वह एक खास किरदार करने को तैयार हो गए हैं।
सनी देओल की डिंपल कपाडिया से नजदीकियों के दौर में ही डिंपल की छोटी बहन सिंपल की विजयेता फिल्म्स में एंट्री हुई थी। सिंपल ने 18 साल की उम्र में फिल्म 'अनुरोध' से बतौर हीरोइन हिंदी सिनेमा में डेब्यू किया था। तकरीबन एक दर्जन फिल्मों में अभिनय करने के अलावा सिंपल ने सनी देओल की तमाम फिल्मों में कॉस्ट्यूम डिजाइनिंग का भी काम किया। फिल्म रूदाली के लिए उन्हें बेस्ट कॉस्टूयम डिजाइन का नेशनल अवार्ड भी मिला।