कार्तिक आर्यन इन दिनों चर्चाओं हैं। उनकी पिछली फिल्म 'भूल भुलैया 2' ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था, जिसके बाद अभिनेता अपनी अगली फिल्म 'शहजादा' की शूटिंग में जुट गए हैं। अभिनेता लगातार सोशल मीडिया पर 'शहजादा' के सेट से तस्वीरें शेयर कर रहे हैं। वहीं, अब कार्तिक आर्यन अपनी इस फिल्म की शूटिंग के लिए हरियाणा पहुंचे, जहां पर फैंस ने मिलकर कार्तिक आर्यन का शानदार स्वागत किया है।
हरियाणा में कार्तिक का स्वागत
दरअसल, सोशल मीडिया पर कार्तिक आर्यन का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें अभिनेता की एक झलक पाने के लिए फैंस बेताब दिख रहे हैं और हर कोई उन्हें देखने के बाद जोर-जोर से कार्तिक-कार्तिक चिल्ला रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि शूटिंग लोकेशन के मैन गेट पर भारी संख्या में कार्तिक के फैन खड़े हैं और हर कोई गेट के अंदर आना चाहता है। फैंस की बेताबी देखकर कार्तिक उनके पास चले जाते हैं। इस दौरान कार्तिक उनसे हाथ मिलाते हैं।
फैंस ने लुटाया कार्तिक पर प्यार
कार्तिक के इस वीडियो पर फैंस काफी शानदार कमेंट कर रहे हैं। हर कोई अभिनेता के अंदाज की तारीफ कर रहा है। एक फैन ने लिखा, 'सेल्फमेड स्टार।' दूसरे फैन ने लिखा, 'इसे कहते हैं असली प्रमोशन।' एक और फैन ने लिखा है, 'कार्तिक बेस्ट एक्टर हैं।'
कार्तिक का गणेश संग पहला गाना
कार्तिक आर्यन ने भी इंस्टाग्राम पर हरियाणा से एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें उन्होंने बताया कि वह गणेश आचार्य के साथ अपना पहला गाना करने जा रहे हैं। इस तस्वीर में कार्तिक और गणेश आचार्य का शाही अंदाज में स्वागत होता हुआ दिख रहा है। इस तस्वीर के साथ कार्तिक ने कैप्शन में लिखा, 'मास्टर जी के साथ पहला गाना, दरअसल मास्टर जी (G)... जी फॉर जीनियस। कुछ वाकई में सबसे अलग है जो अब तक मैने किया है। इसके लिए इंतजार कीजिए।'
कब रिलीज हो रही है फिल्म?
बता दें कि कार्तिक आर्यन की 'शहजादा' 10 फरवरी 2023 को रिलीज होगी, जिसमें कृति सेनन भी दिखाई देंगी। पहले यह फिल्म 4 नवंबर 2022 को रिलीज होने वाली थी, लेकिन पिछले दिनों ही इस फिल्म की रिलीज डेट को आगे बढ़ाया गया है। इस फिल्म का निर्देशन रोहित धवन द्वारा किया जा रहा है। यह अल्लू अर्जुन की फिल्म 'अला वैकुंठपुरमलो' की रीमेक है।