अभिनेत्री शांति प्रिया को आखिरी बार साल 1994 में 'इक्के पे इक्का' फिल्म में देखा गया था। अब वह 28 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी करेंगी। उन्होंने इस्टाग्राम पर एक लंबा सा पोस्ट लिखकर कहा है कि वह इस किरदार को निभाने के लिए बहुत खुश हैं। उन्होंने कहा, ‘सच कहूं, तो मैं ज्यादा कुछ नहीं कह सकती, मेरे पास शब्द ही नहीं हैं, लेकिन यह मुझे बहुत खुशी देता है कि मुझे इतनी महत्वाकांक्षी और मजबूत महिला का किरदार निभाने का मौका मिला है, जिसने इस देश के निर्माण में योगदान दिया है। उन्होंने बाधाओं को तोड़ने और सांस्कृतिक सोच को चुनौती देने में भी बड़ी भूमिका निभाई थी।'
उन्होंने आगे लिखा कि मैं हमारे भारतीय इतिहास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली महिला के किरदार को निभाने में कोई कसर नहीं छोड़ूंगी, जिसे दुनिया गर्व से नाइटिंगेल ऑफ इंडिया कहती है। उन्होंने कहा कि व्यतक्तिगत रूप से मैं आप सबको यह दिखाने के लिए इंतजार नहीं कर सकती कि मैं अभी भी ऐसी महत्वपूर्ण भूमिका को निभाने के लिए एक अभिनेता के रूप में क्या कुछ कर सकती हूं।
आपको बता दें कि साल 2020 में दीपिका चिखलिया ने फिल्म का एक पोस्टर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा था कि सरोजिनी नायडू का पहला लुक...पोस्टर। वहीं, अब वह इस फिल्म का हिस्सा नहीं हैं। इस फिल्म में कन्नड़ फिल्मों में काम कर चुकीं अभिनेत्री सोनल मोंटेरो युवा सरोजिनी की भूमिका निभाएंगी, तो वहीं शांति प्रिया वरिष्ठ वर्षों के उनके किरदार को निभाती नजर आएंगी।