बॉलीवुड के अभिनेता शहजाद खान ने अपने पिता अजीत खान और सलमान खान के पिता सलीम खान की दोस्ती के बारे में बात की है। उन्होंने बताया है कि उनके पिता ने किस तरह शुरूआत में सलीम खान की मदद की थी। बाद में सलीम खान वर्षों तक अजीत खान का सहयोग किया।
शहजाद के पिता ने सलीम खान को दी पनाह
एएनआई से बातचीत में शहजाद ने याद किया कि जब सलीम खान फिल्मों में करियर बनाने के लिए पहली बार बॉम्बे आए थे, तो उनके पिता ने उनकी मदद की थी। उन्होंने बताया कि अजीत खान न सिर्फ सलीम खान को शहर लाए, बल्कि उन्हें अपने घर में भी रखा और छोटे भाई की तरह माना।
शहजाद खान, सलीम खान
- फोटो : सोशल मीडिया
पिता ने दी थी ये सलाह
अपने पिता के निधन से पहले की बातों को याद करते हुए, शहजाद ने बताया कि अजीत खान ने उनसे खास तौर पर कहा था कि अगर जिंदगी में कभी कोई मुश्किल आए, तो वह सलीम खान के पास जाएं। उस सलाह को याद करते हुए उन्होंने कहा, 'अगर तुम्हें कभी कोई परेशानी हो, तो किसी और के पास मत जाना, सलीम के पास जाना।'
शहजाद ने सलीम खान की तरफ से उनके पिता को वर्षों तक दिए गए सहयोग के बारे में भी बात की और कहा, 'सलीम अंकल ने भी उनका बहुत साथ दिया।'
अजीत खान, शहजाद खान
- फोटो : सोशल मीडिया
अभिनेता ने याद किए अपने शुरुआती दिन
अजीत खान (जिनका असली नाम हामिद अली खान था) अपने यादगार विलेन वाले किरदारों के लिए जाने जाते थे, जबकि सलीम खान हिंदी सिनेमा के सबसे मशहूर स्क्रीनराइटर में से एक बने। अभिनेता ने बॉलीवुड में अपने शुरुआती दिनों को भी याद किया और बताया कि ‘कयामत से कयामत तक’ और ‘अंदाज अपना अपना’ जैसी फिल्मों में उन्हें देखने के बाद उनके पिता का क्या रिएक्शन था।
सलमान खान और सलीम खान
- फोटो : एक्स (ट्विटर)
पिता का कैसा था रिएक्शन?
शहजाद ने बताया कि ‘अंदाज अपना अपना’ में उनके कॉमिक रोल पर उनके पिता का रिएक्शन वैसा नहीं था, जैसा उन्होंने सोचा था। उन्होंने कहा, 'मेरे पिता ने कहा था कि तुमने जो भी किया है, उसे दोबारा मत करना। मैंने इतने वर्षों तक इतनी मेहनत की है और अपनी एक गंभीर छवि बनाई है। तुमने उसे पूरी तरह से कॉमेडी में बदल दिया है।''
शहजाद का वर्कफ्रंट
- शहजाद ने आगे चलकर हिंदी फिल्मों में कई कॉमेडी और नेगेटिव रोल किए।
- 1994 की मशहूर कॉमेडी फिल्म 'अंदाज अपना अपना' में भल्ला का किरदार निभाकर काफी मशहूर हुए।
- बच्चों के शो 'शाका लाका बूम बूम' में टाइगर का रोल निभाकर भी वे टीवी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुए।
- उनकी अन्य फिल्मों में 'बरसात', 'द लीजेंड ऑफ भगत सिंह' और 'बड़े मियां छोटे मियां' शामिल हैं।