शाहरुख ख़ान ने मुझसे कभी नहीं कहा कि मैं अपनी फिल्म 'सन ऑफ सरदार' को आगे बढ़ा दूं। इस बारे में मेरी किसी से बात नहीं हुई है। बल्कि शाहरुख तो चाहते हैं कि दोनो फिल्में एक ही दिन रिलीज़ हों। शाहरुख ने खुद कहा कि यश चोपड़ा ज़िंदा होते तो वो भी चाहते कि ये दोनों बड़ी फिल्में एक ही दिन रिलीज़ हों।
यह बात अजय देवगन ने फिल्म 'सन ऑफ सरदार' की रिलीज डेट को आगे बढ़ाने पर चल रहे विवाद पर कही। यश चोपड़ा की मृत्यु के बाद यह बात लगातार चल रही थी कि उनकी फिल्म 'जब तक है जान' को दीवाली के मौके पर अकेले ही रिलीज किया जाए। ताकि यह फिल्म सुपर-डुपर हिट साबित हो।
बीच में यह अफवाहें भी आईं थी कि संभवतः 'सन ऑफ सरदार' की रिलीज डेट आगे बढ़ जाएगी। अब यह साफ हो गया है कि दीवाली के मौके पर दर्शकों को दो बड़ी फिल्में देखने को मिलेंगी।