सुनने में अटपटा जरूर लगेगा मगर हां बॉलीवुड के बादशाह कहे जाने वाले शाहरुख खान भी एक मामूली सी चीज से डरते हैं। अभिनेता आज भी उस घटना को नहीं भूल पाए हैं जब इसी डर की वजह से एक फिल्म में साथ काम कर रहीं ऐश्वर्या राय के हाथ को उन्होंने नोंच डाला था। आइए जानते हैं इस दिलचस्प किस्से के बारे में...
दरअसल, यह बात साल 2002 की है जब शाहरुख संजय लीला भंसाली की फिल्म देवदास में काम कर रहे थे। फिल्म में शाहरुख, ऐश्वर्या राय बच्चन, माधुरी दीक्षित और जैकी श्रॉफ के साथ काम कर रहे थे। लेकिन यह किस्सा शाहरुख ने कपिल शर्मा शो में तब सुनाया जब वो आलिया भट्ट के साथ अपनी फिल्म डियर जिंदगी के प्रमोशन के लिए आए थे। शो के दौरान कपिल ने जब शाहरुख से पूछा कि उन्हें किन किन चीजों से डर लगता है तो उन्होंने जवाब दिया, 'आपको यकीन भी नहीं होगा, मुझे बहुत अजीब-अजीब चीजों से डर लगता है। इतना डर लगता है कि मैं रोने ही न लग जाऊं। एक फिल्म का सीन था जिसमें मेरे साथ जो अभिनेत्री काम कर रही थीं, उस सीन में मैंने उनका हाथ नोच डाला था।
शाहरुख आगे बताते हैं, 'जो झूला होता है ना, मुझे उससे बहुत डर लगता है। मैं उसपर बैठ ही नहीं सकता। मैं अभी बात भी कर रहा हूं तो मुझे डर लग रहा है। वह 'देवदास' का सीन है।' शाहरुख आगे बताते हैं कि उस पूरे सीन के शूट के दौरान उनकी हालत बहुत खराब हो गई थी और संजय लीला भंसाली बार-बार वही सीन शूट कर रहे थे। ऐसे दूर से झूला आ रहा था वो भी पानी के ऊपर और उस वक्त मैंने बेचारी ऐश्वर्या का हाथ कसकर पकड़ा हुआ था और अच्छी तरह से नोंच डाला था।'
बता दें कि फिल्म 'देवदास' साल 2002 में आई थी। जिसमें शाहरुख देवदास के रोल में ऐश्वर्या राय बच्चन पारो के रोल में और माधुरी दीक्षित चंद्रमुखी के किरदार में नजर आई थीं। 'देवदास' सुपरहिट रही थी और इसे तब भारत की तरफ से ऑस्कर के लिए भी नॉमिनेट किया गया था।