अभिनेता शाहरुख खान के असहिष्णुता मामले में पर दिए गए बयान से मचे घमासान के बीच उन्हें एक और नोटिस दिया गया है। हिन्दी टीवी चैनल एबीपी न्यूज की खबर के मुताबिक महाराष्ट्र सरकार के खाद्य विभाग ने शाहरुख खान को गुटखा व पान मसाला के विज्ञापनों के लिए ये नोटिस जारी किया है।
शाहरुख खान के अलावा यह नोटिस अभिनेता अजय देवगन, गोविंदा और मनोज वाजपेयी को भेजा गया है। गौरतलब है कि महाराष्ट्र में गुटखा व पान मसाला पर प्रतिबंध है। ऐसे में सरकार ने उन कलाकारों को नोटिस जारी किया है, जो गुटखा और पान मासाला का प्रचार कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि अभिनेता शाहरुख खान और मनोज वाजपेयी 'पान विलास' पान मासाला का विज्ञापन करते हैं। इसके लिए उन्होंने 20 करोड़ रुपये का अनुबंध किया था। इसके अलावा अजय देवगन विमल पान मासाला, गोविंदा पान ए शाही का विज्ञापन करते हैं। अभिनेत्री हुमा कुरैशी और अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दकी भी चैनी चैनी तंबाकू का विज्ञापन करते हैं, लेकिन चैनल के मुताबिक उन्हें कोई नोटिस जारी नहीं किया गया है।