शाहरुख का लुक वायरल
शाहरुख खान इस समय राजकुमार हिरानी के साथ अपनी पहली फिल्म 'डंकी' के एक सीक्वेंस को शूट करने लिए लंदन गए हुए हैं। हाल ही में इंस्टाग्राम पर शूट के दौरान की एक शाहरुख खान की वीडियो खूब वायरल हो रही है। इसे सेलेब्रिटी पैपराजी मानव मंगलानी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर साझा की है। वीडियो साझा करते हुए मानव ने लिखा,'राजकुमार हिरानी की फिल्म डंकी की शूट से शाहरुख खान का लुक।' इस वीडियो में देखा जा सकता है कि अभिनेता फैंस से छिपते-छिपाते हुए गाड़ी में बैठ रहे हैं। शाहरुख अपने लुक छुपाने के कारण भीड़ से दूर जाने की कोशिश करते हुए फटाफट गाड़ी में बैठ जाते हैं। इस वीडियो में अभिनेता को लाल रंग की जैकेट के साथ ब्लैक पैंट पहने हुए देखा जा सकता है।
पहले भी छिपते नजर आए थे शाहरुख
बीते कुछ दिनों पहले ही 'डंकी' के सेट से शाहरुख खान का एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। फोटो में दिखाई दिए अभिनेता के लुक को यूजर्स ने ट्रोल भी किया था। इतना ही नहीं ऐसा भी पहली बार नहीं है, जब शाहरुख खान अपनी लुक को छिपाते नजर आ रहे हों। शाहरुख इससे पहले भी कई बार फैंस से अपना लुक छिपाते देखे गए हैं। कुछ ही दिनों पहले अभिनेता ने अपनी फिल्म 'जवान' का लुक अपने फैंस के साथ साझा किया था, जिसको उनके सभी फैंस देखते रह गए थे। शाहरुख का ऐसा अंदाज देखकर सभी अचंभित रह गए थे।
'रॉकेट्री' में किया कैमियो
शाहरुख खान की एक झलक उनके फैंस को अभिनेता आर. माधवन के निर्देशन में बनी फिल्म 'रॉकेट्री द नंबी इफेक्ट' में देखने को मिली थी। इस फिल्म में शाहरुख खान ने एक छोटा सा रोल प्ले किया था। अभिनेता इसमें एक पत्रकार की भूमिका निभाते हुए दिखाई दिए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक शाहरुख खान ने ही माधवन से इस फिल्म का हिस्सा बनने की इच्छा जताई थी। वहीं, फैंस भी शाहरुख खान को लंबे समय के बाद बड़े पर्दे पर देखने के बाद बेहद खुश थे।