ये शाहिद को आखिर हो क्या गया है। वे इन दिनों कभी भी किसी से भिड़ जाते हैं। कुछ दिनों पहले वे मनीष शर्मा से भिड़ गये थे। फिर उन्होंने यशराज बैनर से पंगा ले लिया और अब म्यूजिक कंपोजर साजिद वाजिद से पंगा लेकर उन्होंने फिर से एक फिल्म छोड़ दी।
दरअसल, शाहिद को एक बड़े प्रोडक्शन हाउस की फिल्म मिल रही थी। शाहिद इस ऑफर से बेहद खुश भी थे। लेकिन उन्हें जैसे ही इस बात की जानकारी हुई कि इस फिल्म में संगीत साजिद वाजिद देंगे उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया।
शाहिद कपूर का मानना है कि साजिद वाजिद ने उनकी फिल्म 'तेरी मेरी कहानी' के गानों पर मेहनत नहीं की थी। इसकी वजह से फिल्म के गीत हिट नहीं हो पाये थे। जबकि फिल्म के गीत खूबसूरती से लिखे गये थे ।
शाहिद को व्यक्तिगत तौर पर 'तेरी मेरी कहानी' के गीत अच्छे लगे थे। लेकिन उन्हें बेहद दुख हुआ था कि संगीतकार ने उनकी फिल्म के गीतों पर काम नहीं किया था। साथ ही शाहिद की यह भी शिकायत है कि साजिद वाजिद केवल सलमान की फिल्म के गानों पर मेहनत करते हैं। इससे फिल्म की सफलता पर असर होता है।
वैसे शाहिद, किसी एक्टर की किसी फिल्म के म्यूजिक कंपोजर से हुई परेशानी की वजह से फिल्म छोड़ने की बात पहली बार सुनने को मिल रही है। लेकिन शाहिद ये तो आप भी जानते हैं कि अभी आपका करियर ट्रैक पर नहीं है, ऐसे में हाथ आयी अच्छी फिल्मों को सिर्फ म्यूजिक की वजह से छोड़ना। ये बात कुछ हजम नहीं होती।