बॉलीवुड इंडस्ट्री के 'किंग' यानी शाहरुख खान दौलत, शोहरत के साथ-साथ फैंस के प्यार के मामले में भी बादशाह हैं। एक्टर की हालिया रिलीज फिल्म 'पठान' की सफलता ने इस बात का सबूत दिया कि शाहरुख को आज भी बड़े पर्दे पर देखने के लिए दुनियाभर के लोग उत्साहित रहते हैं। वहीं, अब एसआरके के बेटे आर्यन खान भी अपनी अलग पहचान बनाने की राह पर निकल पड़े हैं। किंग खान ने एक लग्जरी ब्रांड के नए विज्ञापन का टीजर साझा किया है, जिसे उनके बेटे आर्यन खान ने निर्देशित किया है। इस तरह इस एड के साथ आर्यन बतौर निर्देशक धमाकेदार शुरुआत कर रहे हैं, जिसमें उनके पिता शाहरुख नजर आने वाले हैं।
विज्ञापन के टीजर ने बढ़ाया फैंस का बज
विज्ञापन के टीजर में शाहरुख खान एक्शन से भरपूर लुक में नजर आ रहे हैं, जिसे देखने के बाद फैंस इसके पूरे वीडियो के लिए काफी ज्यादा उत्साहित हो उठे हैं। वहीं, इसे शेयर करते हुए शाहरुख ने कैप्शन से खुलासा किया है कि विज्ञापन का पूरा वीडियो कल रिलीज किया जाएगा।
शाहरुख खान पर बरसता है फैंस का प्यार
शाहरुख खान ने बतौर अभिनेता काफी प्यार कमाया है। चिलचिलाती धूप के बावजूद, उनके फैंस मुंबई में उनके आवास के बाहर उनकी एक झलक पाने के लिए जमा हो जाते हैं। एक्टर, फैंस से मिल रहे इस प्यार के लिए आभारी है और अक्सर खुद को 'भाग्यशाली' बताते देखे जाते हैं। अपनी वार्षिक परंपरा को जारी रखते हुए, शाहरुख ने ईद-उल-फितर पर मन्नत के बाहर अपने प्रशंसकों को बधाई दी।
Maharaja: विजय सेतुपति की 50वीं में एक्टिंग का जलवा दिखाएंगे अनुराग कश्यप, जानें कैसा होगा उनका रोल?
शाहरुख खान का वर्कफ्रंट
शाहरुख खान के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह जल्द ही एटली के निर्देशन में बन रही फिल्म 'जवान' में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म के शूटिंग सेट से कई तस्वीरें-वीडियो वायरल हो चुके हैं, जिन्हें देखकर फैंस का उत्साह और ज्यादा बढ़ गया है। इसके अलावा एसआरके को राजकुमार हिरानी की मूवी 'डंकी' में भी देखा जाना है, जिसमें उनके अपोजिट एक्ट्रेस तापसी पन्नू नजर आएंगी। इस फ्रेश जोड़ी को पर्दे पर देखने के लिए फैंस बेताब हैं।