देश की सुरक्षा की थीम वाली फिल्मों में कामयाबी पाकर हैवीवेट बन चुके अक्षय कुमार अगले साल बड़ी टक्कर के लिए तैयार हैं। स्वतंत्र दिवस के अवसर पर वह अपनी फिल्म लाएंगे। तब उनका मुकाबला शाहरुख खान से होगा। इस रोचक मुकाबले में सबकी नजरें इस पर होंगी कि क्या पहली बार खान सितारे को अक्षय पीछे छोड़ सकेंगे?
दो हफ्ते पहले अक्षय कुमार ने टिकट खिड़की पर ऋतिक रोशन को पछाड़ कर बड़ी कामयाबी हासिल की। अक्षय की रुस्तम जहां भारतीय टिकट खिड़की पर अब तक 100 करोड़ रुपये से ज्यादा बिजनेस कर चुकी है वहीं उनकी फिल्म से कहीं महंगी ऋतिक रोशन स्टारर मोहेंजो दारो की कमाई अब तक आधी ही है। अक्षय के इस स्टारडम को अगले साल बड़ी चुनौती मिलने वाली है और इस बार उनका मुकाबला शाहरुख खान से होगा।
पिछले दिनों अक्षय ने घोषणा की थी कि अगले साल 15 अगस्त के मौके पर वह अपनी फिल्म क्रेक (11 अगस्त) रिलीज करेंगे। खबर है कि शाहरुख खान की इम्तियाज अली के निर्देशन में बन रही फिल्म द रिंग भी इसी दिन रिलीज होने जा रही है। इसकी शूटिंग पिछले दिनों चेकोस्लोवाकिया में शुरू हुई, जबकि क्रेक की शूटिंग शुरू होने में थोड़ा समय है। इसका केवल पोस्टर जारी हुआ है।
अगले साल होगा दोनों सितारों का मुकाबला
अगले साल 11 अगस्त को शुक्रवार होगा और 15 अगस्त को मंगलवार। ऐसे में शनिवार, रविवार की छुट्टियों के बीच सोमवार को भी लोग अवकाश ले सकेंगे। अतः यह लंबी छुट्टियों का दौर होगा और सिनेमाघरों में दर्शकों के आने की संभावनाएं अधिक होंगी। ऐसे में संघर्ष रोचक होगा। इसमें सिनेमाघरों में स्क्रीन का बंटवारा अहम होगा। शाहरुख की फिल्मों के प्रशंसक जहां मल्टीप्लेक्सों में ज्यादा हैं, वहीं अक्षय मल्टीप्लेक्सों के साथ सिंगल स्क्रीन में भी दर्शक बटोर लेते हैं। यह सही है कि शाहरुख का ट्रेक रिकॉर्ड बेहतर है परंतु इधर अक्षय भरोसेमंद ऐक्टर के रूप में उभरे हैं। ऋतिक पर भारी पड़ कर उन्होंने यह भी बता दिया है कि वह हैवीवेट हो चुके हैं। परंतु शाहरुख के साथ उनकी टक्कर और कड़ी होगी।
शाहरुख की पिछली दो फिल्मों को भारतीय टिकट खिड़की पर नाकामी मिली है। उनकी दिलवाले और फैन फ्लॉप रहीं। विवादों ने शाहरुख का बहुत नुकसान किया है इस वजह से उनकी लोकप्रियता भी गिरी है। नतीजा यह कि वह अपनी महीनों से तैयार फिल्म रईस को अगली 26 जनवरी सोलो रिलीज कराने के लिए ऋतिक स्टारर काबिल के निर्माता-निर्देशक से अनुरोध कर रहे हैं। काबिल को भी 26 जनवरी को ही रिलीज करने की घोषणा हुई है। इसकी शूटिंग तेजी से चल रही है।
दूसरी तरफ अक्षय साल में तीन से चार फिल्में देकर सफलता हासिल कर रहे हैं। लोकप्रियता और दर्शकों का उन पर विश्वास बढ़ा है। इस साल वैश्विक कलेक्शन में उनकी एयरलिफ्ट सलमान की सुल्तान के बाद साल की दूसरी सफल फिल्म (200 करोड़ से अधिक) है। वहीं रुस्तम का विश्व भर में कलेक्शन दस दिन में 180 करोड़ रुपये से ज्यादा है। वह जल्द ही शाहरुख की फैन से इस मामले में आगे निकल जाएंगे। इस तरह हाउसफुल 3 समेत अक्षय की तीन फिल्में इस साल टॉप 5 में आ जाएंगी। अक्षय की बढ़ती कामयाबी शाहरुख को कितनी चुनौती दे पाएगी देखना रोचक रहेगा।
दो बार अक्षय पर भारी पड़ चुके हैं शाहरुख
- फोटो : Getty
पहले जीते हैं शाहरुख
लंबे करिअर में शाहरुख और अक्षय दो बार टिकट खिड़की पर टकराए हैं। मगर तब अक्षय का कद आज की तरह बड़ा नहीं था। इसलिए शाहरुख ने बाजी बारी थी। 1997 में अक्षय की दावा और शाहरुख की यस बॉस तथा 2006 में डॉन और जान-ए-मन टकराई थीं।
बॉक्स-2
मोहेंजो दारो की नाकामी जारी
टिकट खिड़की पर मोहेंजो दारो की नाकामी जारी है। दूसरे वीकेंड में फिल्म भारतीय बॉक्स ऑफिस पर मात्र चार करोड़ रुपये जुटा पाई। वहीं रुस्तम ने इस वीकेंड में 17 करोड़ रुपये कमाए। निर्देशक गोवारिकर के लिए तसल्ली की बात सिर्फ इतनी होगी कि उनकी यह फिल्म कलेक्शन में जोधा अकबर (करीब 55 करोड़) से आगे निकल जाएगी। मोहेंजो दारो अभी तक 54 करोड़ रुपये कमा चुकी है। हालांकि विश्व कलेक्शन को मिला कर इसने 100 करोड़ का आंकड़ा छू लिया है, परंतु लगभग 160 करोड़ रुपये के बजट के कारण निर्माताओं के लिए घाटे का सौदा बन गई है।