परवीन बाबी की परेशानी का दुखद किस्सा
शबाना ने अपनी दोस्त और अभिनेत्री परवीन बाबी के बारे में बात करते हुए एक दर्दनाक याद साझा की। उन्होंने कहा, 'हम फिल्म ज्वालामुखी की शूटिंग कर रहे थे। अचानक परवीन ने सेट पर लगे झाड़-फानूस को देखकर चिल्लाना शुरू कर दिया कि ‘ये मेरे ऊपर गिरेगा'। शबाना ने बताया कि फिल्म अशांति के समय भी परवीन का व्यवहार ठीक नहीं था। वह सिर्फ दो अंगूर खाती थीं और कहती थीं कि उनका पेट भर गया। परवीन की मानसिक परेशानियों को देखना शबाना के लिए बहुत मुश्किल था।
स्मिता पाटिल के साथ रिश्ते की सच्चाई
शबाना और स्मिता पाटिल के बीच दुश्मनी की खबरें सालों तक फैलती रहीं। शबाना ने साफ किया, 'मीडिया ने हमारे बीच झगड़े की कहानियां बनाईं। स्मिता को लगता था कि मैंने उनके कुछ रोल छीने, लेकिन ऐसा नहीं था।' उन्होंने बताया कि श्याम बेनेगल की फिल्म मंथन पहले उन्हें मिली थी, लेकिन समय न होने की वजह से वह रोल स्मिता को मिला। उन्होंने कहा, 'श्याम मुझसे नाराज हो गए थे। स्मिता के साथ मेरा रिश्ता जटिल था, लेकिन उनके मम्मी-पापा मेरे लिए बहुत अच्छे थे।' स्मिता के अचानक चले जाने के बाद शबाना को बहुत अफसोस हुआ। उन्होंने कहा, 'मुझे उनके बारे में कभी कुछ गलत नहीं बोलना चाहिए था।'
दिलीप कुमार की तारीफ
शबाना ने अपने पसंदीदा अभिनेता दिलीप कुमार को याद किया। उन्होंने कहा, 'उनमें गजब की सादगी थी। वह अपनी बातों से सबको मोह लेते थे। रोमांस में उनका कोई जवाब नहीं था। वह खाने के बहुत शौकीन थे। मैं उनकी बहुत बड़ी फैन थी।' साथ ही शबाना ने अपने पति जावेद अख्तर के साथ रिश्ते पर कहा, 'हम एक-दूसरे की बहुत इज्जत करते हैं, लेकिन उससे भी बढ़कर, हम अच्छे दोस्त हैं। जावेद कहते हैं कि मेरी दोस्ती हमारी शादी से भी बड़ी है।'
करियर की शुरुआत और मुश्किलें
शबाना ने अपने शुरुआती दिन याद करते हुए कहा, 'जब मैंने पापा (कैफी आजमी) को बताया कि मैं एक्टिंग करना चाहती हूं तो उन्होंने कहा कि चाहे कुछ भी करो, सबसे अच्छा करो। मम्मी (शौकत आजमी) ने मुझे मेहनत करना सिखाया। एक बार शबाना ने फिल्में छोड़ने का फैसला कर लिया था। उन्होंने बताया, 'मैं रोते हुए बोली कि मैं अब काम नहीं करूंगी, लेकिन सुलक्षणा पंडित ने मुझे हिम्मत दी। उन्होंने कहा कि मैं हीरोइन हूं, इंडस्ट्री मुझे नहीं छोड़ सकती।'