कहा-खुद को मानती थी दोषी-
एक यूट्यूब चैनल से बातचीत में मलयालम एक्ट्रेस ने बात करते हुए कहा कि वह इस मामले में अब तक चुप रही लेकिन अब ऐसा नहीं होगा मैं अपना सम्मान वापस पाने के लिए लड़ूंगी। सीनियर जर्नलिस्ट बरखा दत्त से बात करते हुए एक्ट्रेस ने कहा कि 'मैं अब तक खुद को जिम्मेदार ठहरा रही थी। मैं जब भी उस घटना और इसके बाद जो कुछ हुआ, उसके बारे में सोचती हूं तो मुझे एक फंदे की तरह महसूस होता है। मेरा दम घुटता है। लगता है कि मेरे साथ जो हुआ, जैसे वह मेरी ही गलती है'।
हर बार खुद के बेकसूर साबित करना पड़ा-
अभिनेत्री ने कहा, 'मेरे सम्मान के लाखों टुकड़े किए गए लेकिन मैंने अपना आत्मविश्वास नहीं खोया है। एक्ट्रेस ने यह भी कहा कि उन्हें परिवार और रिश्तेदारों का सपोर्ट खूब मिला, लेकिन सबका सपोर्ट मिलने के बावजूद भी खुद को तन्हा और अकेला महसूस किया है। उन्होंने आगे बात करते हुए कहा कि साल 2020 में वह 15 बार कोर्टरूम में रहीं। सुबह से शाम तक वकीलों ने कई सवाल किए हर बार खुद को बेकसूर साबित करना पड़ा।
'लड़कियों के सम्मान के लिए खड़ी हूं'
एक्ट्रेस ने कहा कि मेरा मुकदमा साल 2020 में कोर्ट में आया था, मैं हादसे से जूझकर आगे बढ़ने वाली महिला के तौर पर अदालत से बाहर निकली हूं, तब मुझे लगा कि मैं पीड़ित नहीं हूं, मैं सिर्फ अपने लिए नहीं खड़ी हूं बल्कि उन सब लड़कियों के सम्मान के लिए खड़ी हूं, जो इस तरह की घटना को झेलते हुए भी आगे आएंगी, अभिनत्री ने कहा कि जब आरोप लगे कि ये घटना असल में एक रची गई कहानी है तो मुझ पर इसका बहुत बुरा असर हुआ।
ये था पूरा मामला-
17 फरवरी 2017 की घटना है, जब अभिनेत्री शूटिंग के बाद घर जाने के लिए अपनी कार मैं बैठी तो कुछ लोगों ने उन्हें उनकी ही कार में बंधक बनाकर अगवा कर लिया था और करीब दो घंटे तक चार लोगों ने उनका यौन उत्पीड़न किया। अभिनेत्री ने किसी तरह से अपनी जान बचाई। इस मामले में केरल पुलिस ने दस में से सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जिन्हें बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया था। पूरे मामले में साजिश रचने के आरोपी अभिनेता दिलीप को भी जमानत मिल गई थी।