इन दिनों शॉर्ट फिल्मों का क्रेज बढ़ रहा है और फीचर फिल्मों के निर्देशक भी इन्हें पूरी गंभीरता से बना रहे हैं। 'पराठे वाली गली' (2014) और 'थोड़ा लुत्फ थोड़ा इश्क' (2015) जैसी फिल्में बना चुके दिल्ली के निर्देशक सचिन गुप्ता की शॉर्ट फिल्म 'पीहू' इन दिनों इंटरनेट की दुनिया में धूम मचा रही है। फिल्म को यूट्यूब पर करीब सवा लाख लोग देख चुके हैं।
गुप्ता ने युवाओं को ध्यान में रख कर फिल्म बनाई है, जो पीहू और दानिश के बचपन की दोस्ती के गहरे प्यार में बदलने के घटनाक्रम को दिखाती है। छोटे पर्दे पर 'मिले जब हम तुम' और 'इस प्यार को क्या नाम दूं' जैसे धारावाहिकों में काम कर चुकीं सनाया ईरानी ने पीहू की भूमिका निभाई है जबकि दानिश के रोल में सुमित कौल हैं। वरिष्ठ रंगकर्मी दाऊ दयाल बंसल 'पीहू' के पिता बने हैं। गुप्ता के अनुसार 'पीहू' प्यार के भावुक लम्हों की कहानी है। ये ऐसे लम्हे हैं जो साधारण होने के बावजूद जीवन में बहुत खास होते हैं।