#SANJU मंगलवार से ही टॉप ट्रेंड में बना हुआ है। ना सिर्फ हिंदुस्तान बल्कि पाकिस्तान में भी इसी हैशटेग के साथ कई लोग संजू के टीजर पर पर टिप्पणियां कर रहे हैं। पकचिकपक राजा बाबू नाम के ट्विटर हैंडल ने संजू के पोस्टर के साथ ट्वीट किया, ''जब एक्स आपको ब्लॉक कर दे, तो उसे देखने के लिए अलग-अलग प्रोफाइल ऐसे बनाए जाते हैं।''
मास सिकंदर ट्विटर हैंडल से लिखा गया, ''ये फ़िल्म का पोस्टर है या कपड़ों का विज्ञापन?''
वैसे तो टीजर को देखने के बाद कई लोगों ने रणबीर कपूर की एक्टिंग की तरीफ की है, लेकिन जिया को शायद रणबीर में वो दम नजर नहीं आया। उन्होंने ट्वीट किया है, ''स्वैग एक नेचुरल चीज होती है, उसे जबरन बनाया नहीं जा सकता। आप संजय दत्त को देखिए उनमें एक नेचुरल स्वैग है। रणबीर कपूर में वो नहीं है। उनमें सुस्ती और उदासी भरी हुई महसूस होती है और उन्होंने मनीषा कोईराला को रणबीर की मां कैसे बना दिया, यह उनके टैलेंट की बेइज्ज़ती है।''
कई फिल्म आलोचकों और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने इस टीजर की तारीफ की है। उन्होंने लिखा है कि ये टीजर फिल्म के प्रति उत्सुकता पैदा करती है, साथ ही रणबीर कपूर ने जिस तरह खुद को संजय दत्त के रूप में ढाल दिया है उसकी भी कई लोगों ने तारीफ की है।
अभिनेता रितेश देशमुख ने लिखा, ''संजू का टीजर देखा, बहुत शानदार टीजर है। भारत के सबसे बेहतरीन डायरेक्टर राजकुमार हिरानी के जरिए बनने वाली इस बायोपिक का इंतजार है, मुझे बताया गया था कि फिल्म में रणबीर कपूर होंगे, लेकिन मुझे तो वो दिखे ही नहीं...'कहां था रणबीर?'
फिल्म आलोचक तरन आदर्श ने ट्वीट किया, ''मुन्नाभाई, 3 इडियट्स और पीके जैसी फिल्में बनाने वाले निर्देशक राजकुमार हिरानी की नई फिल्म संजय दत्त की बायोपिक से भी कई उम्मीदें हैं। उन्होंने क्या शानदार टीजर पेश किया है।''
'संजू' फिल्म में अहम भूमिका निभा रहीं अभिनेत्री सोनम कपूर ने ट्वीट किया, 'एक आदमी जिसने कई जिंदगियां जी हैं, उसे पर्दे पर दिखाने का इससे अच्छा तरीका नहीं हो सकता।''
'संजू' फिल्म का यह टीजर 1 मिनट 25 सेकेंड का है। जिसकी शुरुआत में लिखा गया है कि 'यह सच्ची कहानी है, लेकिन आप इसमें विश्वास नहीं करेंगे।' पहले ही सीन में संजय दत्त को पुणे की यरवदा जेल से बाहर निकलते हुए दिखाया जा रहा है। टीजर में संजय दत्त के जवानी के दिनों में ही ड्रग्स का आदी होने वाली बात बताई गई है।
संजय दत्त के जीवन में आए उतार-चढ़ाव को बताया गया है, कैसे वे महंगे होटलों में भी रहे और जेल की कालकोठरी में भी रातें गुजारीं। हल्की-हल्की झलकियों के साथ संजय दत्त का अंडरवर्ल्ड से रिश्ता, जेल जाना, आलीशान जिंदगी जीना, साथ ही उनकी 308 प्रेमिकाएं होने की बात भी बतलाई गई हैं।
निर्देशक राज कुमार हिरानी का अभी तक का ट्रैक रिकॉर्ड सौ प्रतिशत सफलता का रहा है। उन्होंने अभी तक कुल जमा चार फिल्में बनाई हैं। मुन्नाभाई एमबीबीसएस, लगे रहो मुन्ना भाई, 3 इडीयट्स और पीके। अब सभी को इंतजार है कि 29 जून को रिलीज होने वाली फिल्म 'संजू' उनके इस सफल रिकॉर्ड को बरकरार रख पाएगी या नहीं।