फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जेल से रिहा हुए संजय दत्त, अब ये हैं आगे की योजनाएं

विज्ञापन
विज्ञापन
संजय दत्त आज पुणे के यरवडा जेल से रिहा हो रहे हैं। एक बार फिर उनका फोकस बॉलीवुड करिअर पर रहेगा। संजय ने पहले भी मुश्किल दौरों से उबर कर वापसी की है, मगर उसमें उनके पिता और बहनों का हाथ रहा है। इस बार उनके करिअर की बागडोर पत्नी मान्यता ने अपने हाथ में ली है।
विज्ञापन


रिहाई के बाद संजय दत्त के करिअर में सब कुछ अच्छा चले इसका जिम्मा उनकी पत्नी मान्यता दत्त ने उठा लिया है। 1993 मुंबई बम धमाकों के मामले में जेल की सजा पूरी करके संजय की रिहाई से पहले मान्यता ने तैयारी कर ली है कि आगे क्या, कैसे किया जाएगा। सूत्रों की मानें तो मान्यता की योजना में सबसे अहम बात यह है कि संजय जिंदगी को नए सिरे से शुरू करें और उन्हें पुराने दिनों की बिल्कुल याद न आए।

नतीजतन उन्होंने संजय का निजी और फिल्मों का काम देखने वाले पुराने लगभग सभी लोगों को हटा दिया है। संजय दत्त के स्टाफ के रूप में एक पूरी नई टीम तैयार किए जाने की खबर है।
विज्ञापन


सूत्रों की मानें तो संजय की नई छवि गढ़ने को लेकर मान्यता बहुत गंभीर हैं और इसके लिए एक टैलेंट मैनेजमेंट कंपनी के साथ करार किया गया है। यह कंपनी बॉलीवुड में रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण जैसे सितारों का काम देखती है। कंपनी ‘ब्रांड दत्त’ को बाजार और दर्शकों के बीच नई चमकीली छवि के साथ पेश करेगी। साथ ही उन्हें फिल्में और विज्ञापन चुनने में सलाहकार की भूमिका निभाएगी।

संजय को नए अंदाज में पेश करने के लिए विस्तृत योजना बनाई गई है, जिसमें फिल्मों-विज्ञापनों से लेकर विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उनकी उपस्थित तक की बातें शामिल हैं।

बीवी के कहे मुताबिक चलेंगे संजय

सूत्रों के मुताबिक संजय भी पूरी तरह मान्यता की योजनानुसार चलने का मन बना चुके हैं। दोनों की शादी को हाल में आठ साल पूरे हुए। सूत्रों का कहना है कि मान्यता की पूरी कोशिश यह रहेगी कि संजय सकारात्मक सोच वाले लोगों के साथ रहें और ऐसा कोई कदम न उठाएं जिससे नुकसान हो। संजय की आम छवि दिलदार इंसान की है, मगर मान्यता चाहती हैं कि वह अब पूरी तरह प्रोफेशनल होकर काम करें। वह सिर्फ ऐसी फिल्मों और विज्ञापनों में काम करें जिससे उनकी छवि दिन पर दिन बेहतर और मजबूत इंसान की बने।

संजय का प्रोफेशनल पक्ष ठोस बनाने के लिए मान्यता ने होम प्रोडक्शन कंपनी को रफ्तार देने का फैसला है, जिसमें नियमित फिल्में बनेंगी। मान्यता चाहती हैं कि उम्र को देखते हुए संजय फिल्म निर्माण में बड़ी भूमिका निभाएं। रिहाई के बाद संजय की सहमति से कंपनी की कार्यप्रणाली तय की जाएगी। सूत्रों की मानें तो पिछले साल सितंबर में पैरोल पर होने के दौरान संजय-मान्यता ने भविष्य की योजनाएं बनाई और टैलेंट मैनेजमेंट कंपनी से लेकर कुछ निर्माता-निर्देशकों तक से बात की। इस दौरान संजय ने कुछ फिल्म आइडियों पर पसंद की मुहर लगाई और उन्हें स्क्रिप्ट में बदलने को कहा था।

यह चर्चा भी है कि संजय को फिर से लोकप्रियता के शिखर पर पहुंचाने के लिए सबसे पहले उनकी मुन्नाभाई सीरीज की फिल्म की शूटिंग शुरू होगी। मान्यता और संजय ने निर्देशक राजू हिरानी से कहा है कि वह संजय दत्त की बायोपिक की जगह पहले मुन्नाभाई सीरीज की तीसरी फिल्म की शूटिंग पहले करें। राजू इसके लिए मान गए हैं।

संजय दत्त का होगा तीसरा कमबैक

संजय दत्त 56 वर्ष के हो चुके हैं और उनकी नई फिल्म आने में कम से कम एक साल लग जाएगा। ऐसे में उनके लिए उम्र और छवि के हिसाब से ऐसी फिल्म करना वाकई चुनौती होगी, जिसे देखने के लिए दर्शक टिकट खिड़की पर टूट पड़ें। यह तीसरा मौका होगा जब संजय कमबैक करेंगे।

1981 में पहली फिल्म रॉकी और फिर विधाता (1982) के हिट होने के बाद संजय ड्रग्स की चपेट में आ गए थे। तब पिता सुनील दत्त उन्हें मुश्किल दौर से उबारा था और तीन साल बाद 1985 में संजय ने फिल्म जान की बाजी से पहली वापसी की थी। इसके बाद वह 1990 के शुरुआती वर्षों तक लगातार सफल रहे और नाम, इनाम दस हजार, इलाका से लेकर सड़क, साजन, खलनायक जैसी फिल्में दीं। मगर 1993 के मुंबई बम विस्फोटों के बाद आर्म्स एक्ट में गिरफ्तारी से उनका करिअर चार साल ठहरा रहा।

1997 में वह दूसरी बार वापसी करने में कामयाब रहे। राम गोपाल वर्मा की दौड़ उनकी पहली फिल्म थी। लेकिन इमेज बदली मुन्नाभाई एमबीबीएस (2003) से। सफलता के रास्ते में फिर मुंबई ब्लास्ट का मुकदमा उनके लिए मुश्किल बना और उन्हें 2014 में जेल जाना पड़ा। अब 2016 में रिहाई के बाद संजय तीसरी बार नई पारी शुरू करेंगे।

पहले कौनः शेर या हसमुख पिघल गया

नए दौर में बॉक्स ऑफिस पर संजय की पहली फिल्म कौन सी होगी? इसके जवाब में दो नाम हैं। एक संजय दत्त प्रोडक्शंस की हसमुख पिघल गया और दूसरी 2012 में पूरी हो चुकी शेर। निर्देशक सेजल शाह की हसमुख पिघल गया की शूटिंग 2014 में शुरू हुई थी और यह रिलीज को तैयार है। मान्यता रिलीज से पहले पति की रिहाई का इंतजार कर रही थीं। इस कॉमेडी में लीड भूमिकाओं में अरमान रल्हन और अनिंदिता नायर हैं। संजय दत्त और अमिताभ बच्चन इसमें छोटे-छोटे अहम किरदरा निभाएंगे।

वहीं शेर का निर्देशन सोहम शाह ने किया है। जिसमें विवेक ओबेराय और हुमैमा मलिक भी हैं। यह फिल्म निर्माता कंपनी अष्टविनायक के आर्थिक विवादों के बीच कानूनी मसलों में उलझ गई थी। इसके अधिकार अब अदालत से फाइनेंसर ने खरीद लिए हैं। वह इसे संजय की रिहाई के बाद रिलीज करने की योजना बना रहे हैं। बड़े बजट की इस फिल्म में संजय घनी मूछों के साथ पठानी सूट पहने गैंगस्टर बने हैं। यह गुजरात में अवैध शराब के कारोबार के मुद्दे पर है। शाहरुख खान स्टार रईस भी इसी विषय पर बन रही है। शेर पहले रिलीज हो गई तो शाहरुख के सामने समस्या खड़ी हो जाएगी।

सलमान बनेंगे निजी फिजिकल ट्रेनर

यूं तो जेल में भी संजय दत्त ने शरीर को तराशना नहीं छोड़ा था मगर उसे फिल्मों के अनुरूप ढालने में सलमान खान मदद करेंगे। सूत्रों के अनुसार सलमान के पर्सनल ट्रेनल राकेश उदियार रिहाई के बाद संजय को फिजिकल ट्रेनिंग देंगे। बीते सितंबर में सलमान और संजय की मुलाकात में यह बात तय हुई थी।

संजय ने जब सलमान की फिटनेस की तारीफ की थी तो उन्होंने राकेश से उनकी मुलाकात कराई थी, तब संजय ने कहा था कि उन्हें भी ऐसे ही ट्रेनर की जरूरत पड़ेगी। इस पर सलमान ने उनसे वादा किया था कि जब वह लौट कर आएंगे तो खुद वह राकेश को उनकी मदद के लिए भेजेंगे।
विज्ञापन

संजय दत्त की आत्मकथा तैयार?

फिल्मी सितारों की आत्मकथाएं पुस्तक बाजार में एक के बाद एक आ रही हैं। खबर है कि संजय दत्त ने भी जेल में अपनी कहानी लिखी है। संजय हर दिन डायरी लिखते थे, जिसमें जीवन के घटनाक्रम से लेकर जिंदगी के प्रति नजरिया शामिल है।

वैसे उन्होंने कुछ महीनों पहले इस डायरी के कुछ पन्ने निर्देशक राजू हिरान को सौंपे थे, जो उनकी बायोपिक बनाना चाहते हैं। देखना होगा कि क्या संजय फिल्म से पहले किताब के रूप में अपनी कहानी लाएंगे? कई प्रकाशक उनकी आत्मकथा छापने में दिलचस्पी दिखा चुके हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें