संजय दत्त की बायोपिक 'संजू' का टीजर रिलीज होने के बाद से हर कोई उनकी पर्सनल लाइफ के बारे में बात कर रहा है। सबसे ज्यादा दिलचस्प बात है उनकी 308 गर्लफ्रेंड का होना। फिल्म का कोई ना कोई पोस्टर हर रोज रिलीज हो रहा है। आज फिर एक पोस्टर सामने आया है। इस पोस्टर में रणबीर कपूर संजय दत्त के किरदार में अपने दोस्त के साथ दिखाई दे रहे हैं।
पोस्टर में संजय दत्त के किरदार में रणबीर कपूर और उनके दोस्त विक्की कौशल मस्ती के मूड में दिखाई रहे हैं। विक्की कौशल कुमार गौरव की भूमिका में हैं। इस पोस्टर को शेयर करते हुए डायरेक्टर राजकुमार हिरानी ने लिखा, ‘विक्की कौशल, एक बेहतरीन मंझा हुआ एक्टर और उनके साथ काम कर बहुत मजा आया। उन्होंने संजू के अच्छे दोस्त का किरदार निभाया है। 2 दिन बाद 30 मई को संजू का ट्रेलर रिलीज होगा।’
अब तक रिलीज हुए पोस्टर को देखकर बिल्कुल भी अंदाजा नहीं लगाया जा सकता है कि फोटो में संजय दत्त की जगह रणबीर कपूर हैं। सभी पोस्टर को देख आप एक ही बात कहेंगे चलने, फिरने, लुक और बोलने तक रणबीर, संजय दत्त को घोलकर पी गए हैं।
इस फिल्म में रणबीर कपूर से लेकर परेश रावल और मनीषा कोइराला जैसे बड़े स्टार अहम रोल में नजर आएंगे। यह फिल्म 29 जून 2018 को रिलीज होगी। राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बनी इस फिल्म की सफलता के कयास अभी से ही लगाए जा रहे हैं। संजय दत्त की चाल से लेकर उनकी गंभीर आवाज तक हर चीज को रणबीर कपूर ने अपने किरदार में लाने की कोशिश की हैं।