दीपिका पादुकोण की 8 घंटे की शिफ्ट वाली बहस पर अभी भी चर्चा हो रही है। यह बहस पिछले साल 'स्पिरिट' से उनके बाहर होने के बाद शुरू हुई थी। हाल ही में आलिया भट्ट ने भी इस मुद्दे पर अपनी राय रखी और कहा कि काम के लंबे घंटों को देखते हुए इंडस्ट्री में बड़े बदलाव की जरूरत है। अब अभिनेत्री से इंटरनेट पर्सनैलिटी बनीं समीरा रेड्डी ने भी इस मामले पर अपनी बात रखी है।
जरूरत पड़ने पर समीरा ज्यादा काम किया
बॉलीवुड में काम के निश्चित घंटों की बहस पर समीरा रेड्डी ने बताया कि संजय दत्त की एक फिल्म की शूटिंग के दौरान, उन्होंने लंबे समय तक काम किया था। उन्होंने शेड्यूल को आसानी से पूरा करने के लिए जरूरत पड़ने पर एक्स्ट्रा शिफ्ट भी कीं, खासकर इसलिए क्योंकि वह मुंबई में नहीं रहती हैं। उन्होंने कहा कि जब स्थिति की मांग होती है, तो उन्हें ज्यादा घंटे काम करने में कोई दिक्कत नहीं होती।
कलाकार और निर्माता में होना चाहिए तालमेल
उन्होंने आगे कहा कि एक नई मां होने के नाते बहुत ज्यादा दबाव होता है। ब्रेस्टफीडिंग, हार्मोनल बदलाव और काम को एक साथ संभालना आसान नहीं है। अगर कोई निर्माता उस कलाकार की स्थिति को समझकर तालमेल बिठा सकता है, तो यह दोनों तरफ से होना चाहिए। अगर यह निर्माता के लिए मुमकिन नहीं है, तो सभी को इसे समझना होगा। निर्माता के नजरिए से देखें तो, फिल्म सेट पर हर दिन बहुत बड़ा आर्थिक निवेश लगा होता है। ऐसे में काम में देरी बहुत महंगी पड़ सकती है।'
क्या है आलिया भट्ट का मत?
- हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में, आलिया भट्ट ने 'स्पिरिट' विवाद के बाद काम के लंबे घंटों को लेकर चल रही बहस में दीपिका पादुकोण का समर्थन किया है।
- उन्होंने इस बात को माना कि इंडस्ट्री में 15 से 18 घंटे की शिफ्ट का जो चलन है, उसे बदलने की जरूरत है।
- आलिया ने कहा कि वह खुशकिस्मत रही हैं कि उन्हें ऐसे प्रोड्यूसर मिले जो उनकी जरूरतों को समझते थे, लेकिन उनका मानना है कि इस मुद्दे पर फिर से विचार करने की जरूरत है।
- अभिनेत्री ने यह भी माना कि इंडस्ट्री में अपनी स्थिति की वजह से उन्हें बेहतर काम के घंटों की मांग करने की आजादी मिली है।
- एक प्रोड्यूसर के तौर पर वह अपने प्रभाव का इस्तेमाल करके बड़े बदलाव लाना चाहती हैं।
- उनका मानना है कि हर किसी को काम के उचित घंटे मिलने चाहिए, चाहे उनका पद कुछ भी है। इससे उनकी नौकरी की सुरक्षा पर कोई असर नहीं पड़ना चाहिए।