ना सिर्फ हिंदुस्तान बल्कि सलमान खान के फैंस सात समंदर भी उनकी फिल्मों का इंतजार करते रहते हैं। ऐसे में जबरदस्त प्रमोशन के साथ ईद पर रिलीज होने वाली उनकी फिल्म 'ट्यूबलाइट' का भी इंतजार किया जा रहा है। इसी कारण से सलमान के फैंस चाहते हैं कि उनकी फिल्म भारत के साथ-साथ दुनिया के कई देशो में भी रिलीज की जाए लेकिन हाल ही में कुछ मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो बताया जा रहा है कि कुछ पाकिस्तानी फिल्मकार नहीं चाहते हैं कि सलमान खान की ‘ट्यूबलाइट’ ईद के मौके पर वहां रिलीज हो।
उनका मानना है कि ईद के मौके पर अगर ये फिल्म पाकिस्तान में रिलीज होगी तो इससे उनकी फिल्मों पर नकारात्मक असर पड़ेगा। कल ही दुबई में इस फिल्म का पहला गाना रिलीज किया गया, इसी दौरान फिल्म के डायरेक्टर कबीर खान ने इस बारे में पूछा गया जिस पर कबीर ने कहा कि ‘मुझे नहीं लगता है कि हमें सुनी-सुनाई बातों पर भरोसा करना चाहिए। हमें किसी भी पाकिस्तानी फिल्मकार ने अभी तक यह नहीं कहा है कि आप अपनी फिल्म वहां ईद पर न लायें।'
आगे कबीर बोले 'हां, मैंने भी इस बारे में सुना जरुर है कि उन्हें लगता है कि हमारी फिल्म वहां नहीं आयेगी तो उनके पास कमाई का अच्छा मौका होगा। हालांकि अगर ऐसा होता भी है तो हम ईद के बाद वहां आयेंगे। साथ ही अंत में हमें लगता है कि हमारी फिल्म को सभी को एंजॉय करना चाहिए। सलमान खान के बहुत सारे फैंस पाकिस्तान में भी है। बॉक्स ऑफिस से भी बढ़कर हमें पाकिस्तान से बहुत प्यार मिलता है। ‘बजरंगी भाईजान’ के समय लोगों ने दिल खोलकर हमें पसंद किया था, इस बार भी हमें ऐसी ही उम्मीद है।’
हालांकि कबीर खान ने ये साफ कर दिया है कि भले ही ईद पर फिल्म पाकिस्तान में रिलीज न हो पर ये फिल्म वहां रिलीज जरूर की जाएगी।