फिल्म 'कभी ईद कभी दिवाली' के जरिए ईद 2021 पर कब्जा जमाने के बाद सलमान खान अब फिल्म 'किक 2' को लेकर चर्चा में हैं। यह फिल्म अगले साल दिसंबर में क्रिसमस के इर्द-गिर्द रिलीज हो सकती है। फिल्म का निर्देशन साजिद नाडियाडवाला करेंगे। साजिद ने ही साल 2014 में 'किक' का निर्देशन किया था। फिल्म से जुड़े नजदीकी सूत्र के अनुसार इन दिनों 'किक 2' की स्क्रिप्ट पर काम चल रहा है। साजिद और सलमान दोनों ही 'किक' की दूसरी किस्त के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
सूत्र ने बताया, 'साजिद, लेखक रजत अरोड़ा के साथ 'किक 2' की स्क्रिप्ट फाइनल कर रहे हैं। फिल्म 'कभी ईद कभी दीवाली' खत्म होने के बाद इस फिल्म की शूटिंग शुरू हो सकती है। सलमान और साजिद दोनों 'किक' फ्रैंचाइजी को आगे ले जाने के लिए उत्सुक हैं। दोनों फिल्म की ऐसी स्क्रिप्ट चाहते हैं जो डेविल के किरदार को रोचक ढंग से फिल्माने का दम-खम रखती हो। फिल्म का पहला ड्राफ्ट तैयार है। पूरा स्क्रीनप्ले इस साल के अंत तक तैयार हो जाएगा। 'किक 2', दिसंबर 2021 में रिलीज हो सकती है।'
वहीं फिल्म 'कभी ईद कभी दिवाली' के बारे में बात करते हुए साजिद ने कहा, 'मैं और सलमान करीब छह साल बाद एक साथ काम कर रहे हैं। ऐसा लग रहा है हमारे 'जुड़वा' के दिन फिर से लौट आए हैं। मैंने 'किक 2' से पहले ही 'कभी ईद कभी दिवाली' की स्क्रिप्ट लिखनी शुरू कर दी थी। इस फिल्म में सलमान खान काफी अलग रूप में नजर आएंगे। उम्मीद करते हैं कि सलमान को नए रूप में उनके चाहने वाले हमेशा की तरह पसंद करेंगे। कभी 'ईद कभी दिवाली' फैमिली एंटरटेनर के साथ एक्शन से भरपूर फिल्म होगी।'
सलमान और साजिद फिल्म 'जीत', 'जुड़वा', 'हर दिल जो प्यार करेगा', 'मुझसे शादी करोगी', 'जान-ए-मन' और 'किक' में साथ काम कर चुके हैं। सलमान खान इन दिनों अपनी फिल्म 'राधे: द मोस्ट वांटेड भाई' की शूटिंग में व्यस्त हैं। यह फिल्म प्रभु देवा द्वारा निर्देशित की जा रही है। फिल्म में रणदीप हुड्डा और दिशा पाटनी भी अहम किरदार में नजर आएंगे।
पढ़ें: Bigg Boss 13: शो से निकलते ही हिमांशी ने किया खुलाया, बताया शहनाज ने कैसे की उनकी जिंदगी बर्बाद