सलमान खान के पड़ोस में कौन नहीं रहना चाहता... और सलमान भी क्यों नहीं चाहेंगे कि उनके पड़ोस में कोई खूबसूरत चेहरा रहे! खबर है कि सुभाष घई की फ्लॉप फिल्म ‘कांची’ की हसीना मिष्टी चक्रवर्ती मुंबई के बांद्रा में सलमान की पड़ोसन बन गई हैं। कांच जब से इंडस्ट्री में आई थी, सबसे कहती थीं कि मेरा सपना है सलमान खान के पड़ोस में रहने का। कौन कहता है कि सपने पूरे नहीं होते?
विद्या का नया आइडिया
इन दिनों हर फिल्मकार और कलाकार चाहता है कि उसकी फिल्म चाहे काल्पनिक हो लेकिन प्रमोशन जमीन से जुड़ा हो। इसी का नतीजा है कि विद्या बालन की अगली फिल्म ‘बॉबी जासूस’ का प्रचार जल्द ही बिल्कुल अनूठे ढंग से शुरू होगा। विद्या फिल्म में जासूस बनी हैं और इसके फर्स्ट लुक के रिलीज पर निर्माताओं ने दस असली जासूसों को बुलाने का फैसला किया है। ये जासूस कार्यक्रम में किसकी जासूसी करेंगे, देखना होगा।
दीपिका के ऑफर
दीपिका पादुकोण को इन दिनों अनोखे ऑफर मिल रहे हैं। हर कोई उन्हें अपनी फिल्म में आइटम डांस कराना चाहता है। शाहरुख खान स्टारर ‘हैप्पी न्यू ईयर’ में निर्देशक फराह खान ने दीपिका से आइटम डांस क्या कराया, सलमान खान स्टारर ‘किक’ में भी डांस करने का प्रस्ताव उन्हें मिल गया। लेकिन सूत्र कह रहे हैं कि दीपिका ने ‘किक’ में डांस करने से इंकार कर दिया है क्योंकि ‘हैप्पी न्यू ईयर’ में तो वह हीरोइन हैं। साफ है कि सिर्फ आइटम डांसर का तमगा इस सुंदरी को पसंद नहीं है।