सलमान खान की फिल्म 'ट्यूबलाइट' 100 करोड़ के क्लब में शामिल हो गई है।
इस फिल्म ने 5 दिनों में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 95.86 करोड़ रुपये की कमाई की। 6 वें दिन के कलेक्शन के साथ ही फिल्म 100 करोड़ की कमाई करने वाली फिल्मों में अपनी जगह बनाने में कामयाब रही।
सलमान खान की पिछली 2 फिल्मों 'सुल्तान' और 'बजरंगी भाईजान' ने 3 दिन में ही 100 करोड़ का आंकड़ा भारतीय बॉक्स ऑफिस पर पार कर लिया था। 'ट्यूबलाइट' की धीमी रफ्तार के कारण इस आंकड़े को छूने में 6 दिन लग गए। सलमान खान की पिछली फिल्मों की कमाई से इसकी तुलना की जाए तो ये काफी कम है।
फिल्म की ओपनिंग काफी धीमी रही। फिल्म 5500 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई लेकिन कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई। बताया जा रहा है कि पांचवें दिन यानी की मंगलवार को इसने सिर्फ 12 करोड़ की ही कमाई की।
इस फिल्म ने पहले दिन शुक्रवार को 21.15 करोड़, दूसरे दिन शनिवार को 21.17 करोड़, तीसरे दिन रविवार को 22.45 करोड़, चौथे दिन यानी ईद के दिन 19.09 रुपये और पांचवे दिन 12 करोड़ रुपये की कमाई की है। कुल मिलाकर 5 दिनों में फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 95.86 करोड़ की कमाई की है।
'ट्यूबलाइट' दुनिया भर में 160.58 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है। अब तक सलमान की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म 'बजरंगी भाईजान' है।