बॉक्स ऑफिस पर इस साल ईद को रिलीज हुई फिल्म भारत के बाद सलमान खान की साल की दूसरी फिल्म दबंग 3 के ट्रेलर ने इंटरनेट पर रिलीज होने के 24 घंटे के भीतर ही धमाका कर दिया है। फिल्म को अब तक करीब दो करोड़ से ज्यादा लोग देख चुके हैं। 20 दिसंबर को रिलीज होने जा रही इस फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान सलमान खान ने मुंबई में रहते हुए देश भर में प्रशंसकों और मीडिया के लिए कई एक्टिविटी का आयोजन किया।
ऐसी ही एक अनूठी एक्टिविटी में देश भर में सलमान खान के खास प्रशंसकों को ट्रेलर की आधिकारिक रिलीज से पहले 10 शहरों में ये ट्रेलर देखने का मौका मिला। इसके बाद मुंबई में अपने प्रशंसकों के अलावा चेन्नई, बेंगलुरु और हैदराबाद के अपने प्रशंसकों से लाइव चैट भी की।
इसके अलावा एक और रिकॉर्ड इस दौरान बना। दबंग 3 पहली ऐसी हिंदी फिल्म बनी जिसके ट्रेलर लॉन्च इवेंट को फेसबुक पर 60 से अधिक मीडिया और एंटरटेनमेंट पोर्टल्स ने लाइव दिखाया। बहुप्रतीक्षित फ़िल्म दबंग 3 को प्रभुदेवा ने निर्देशित किया है और इसके निर्मातों में सलमान खान की मां सलमा खान, भाई अरबाज खान और करीबी दोस्त निखिल द्विवेदी शामिल हैं। एक साथ कई भाषाओं में रिलीज होने वाली ये सलमान की पहली फिल्म होगी।