सलमान खान के फैंस उनकी हिट फिल्म 'दबंग' के तीसरे पार्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। सलमान ने साफ कर दिया है कि वो 'ट्यूबलाइट' की रिलीज और 'टाइगर जिंदा है' की शूटिंग पूरी होने के बाद ही इस फिल्म की शूटिंग शुरु करेंगे। इस फिल्म को लेकर नई खबर आई है कि इसे अरबाज खान नहीं बल्कि कोई और डायरेक्ट करेगा।
मिड-डे के अनुसार अरबाज इस फिल्म से बतौर निर्माता तो जुड़े रहेंगे लेकिन इसका निर्देशन नहीं करेंगे। इस फिल्म का निर्देशन प्रभुदेवा करेंगे जो उन्हें 'वॉन्टेड' में भी डायरेक्ट कर चुके हैं। ये प्रभुदेवा और सलमान की साथ में दूसरी फिल्म होगी। इससे पहले ये खबर आ रही थी कि प्रभुदेवा और सलमान 'वॉन्टेड' के सीक्वल में काम करेंगे लेकिन 'दंबग 3' ने इन खबरों पर विराम लगा दिया है।
सलमान इस वक्त अपनी वॉर-ड्रामा फिल्म 'ट्यूबलाइट' के प्रमोशन में व्यस्त हैं। इसके साथ ही वो कैटरीना कैफ के साथ 'टाइगर जिंदा है' की शूटिंग कर रहे हैं। सलमान के पास रेमो डिसूजा की भी एक फिल्म है जिसकी शूटिंग वो जल्द ही शुरू करेंगे।