जी नहीं सलमान खान के पांव अभी सही सलामत हैं। और वह फुटबॉल पर तो किक जमा
ही सकते हैं। लेकिन यहां बात हो रही है उनकी फिल्म 'किक' को लेकर। सलमान की
वजह से 'किक' को लेकर तमाम मुसीबतें खड़ी हो गई हैं।
'चेन्नई एक्सप्रेस' की अप्रत्याशित सफलता को देखते हुए सलमान खान ने अपनी फिल्म 'किक' के लिए अगले साल की ईद का समय भले ही तय कर लिया हो लेकिन सच्चाई यह है कि इस फिल्म की शूटिंग अब तक शुरु नहीं हो पायी है।
पिछले एक महीने से इस फिल्म की शूटिंग अटकी हुई है। सलमान इस फिल्म की शूटिंग के लिए अभी तक ब्रिटेन नहीं जा सके हैं क्योंकि उन्हें वहां का वर्क परिमट नहीं मिला। जिस वजह से उस फिल्म की निर्देशक साजिद नाडियादवाला के साथ यूनिट मेंबर ब्रिटेन से मुंबई आ चुके हैं।
सूत्रों की मानें तो सलमान को एक-दो दिन के अंदर वर्क परिमट मिल सकता है और उसके बाद वे साजिद के साथ ग्लासगो के लिए रवाना हो सकते हैं।
19 अगस्त को सलमान के हिट एंड रन केस की अदालत में सुनवाई भी होनी है, अगर अदालत ने सलमान की विदेश यात्र पर पाबंदी लगा दी तो साजिद का इंतजार और लंबा खिंच सकता है।
हालांकि इस फिल्म से जुड़े सूत्र बताते हैं कि अगर ऐसा कुछ होगा तो फिल्म की लोकेशन भारत में ही कर दी जाए इस बात की पूरी संभावना हैं। लेकिन फिल्म ईद पर ही रिलीज होगी क्योंकि सलमान भाई ऐसा चाहते हैं।