फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Salman Khan: उतार-चढ़ाव भरा रहा करियर, निजी जिंदगी में नसीब नहीं हुआ प्यार; फिर यूं मेगा स्टार बने सलमान खान

Sat, 27 Dec 2025 05:49 AM IST
हिमांशु सोनी एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला

सार

Salman Khan Birthday: बॉलीवुड के भाईजान सलमान आज अपना 60वां जन्मदिन मना रहे हैं। दबंग खान अपनी पर्सनालिटी, चार्म, फिल्मों और दरियादिली के लिए जाने जाते हैं। चलिए इस मौके पर नजर डालते हैं उनकी जिदंगी से जुड़े कुछ पहलुओं पर।
विज्ञापन
सलमान खान - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बॉलीवुड के इतिहास में कुछ ही कलाकार ऐसे हुए हैं, जिनका नाम सिर्फ फिल्मों से नहीं बल्कि एक पूरे दौर से जुड़ गया हो। सलमान खान उन्हीं चुनिंदा सितारों में से एक हैं। कोई उन्हें ‘भाईजान’ कहता है, कोई ‘दबंग’ की छवि में देखता है, तो कोई ‘सुल्तान’ के जज्बे से उन्हें पहचानता है। 27 दिसंबर 1965 को जन्मे सलमान खान आज सिर्फ एक अभिनेता नहीं, बल्कि एक ऐसा ब्रांड बन चुके हैं, जिसकी मौजूदगी भर से फिल्में करोड़ों की ओपनिंग करने लगती हैं। सलमान की सबसे बड़ी ताकत उनकी सादगी में छुपा स्टारडम है। उनके डायलॉग सीधे होते हैं, डांस स्टेप्स आसान होते हैं और अभिनय में ओवरडोज ड्रामा नहीं होता, फिर भी उनकी फिल्में दर्शकों से सीधा जुड़ जाती हैं। यही वजह है कि तीन दशकों से ज्यादा समय गुजर जाने के बाद भी उनका स्टारडम कमजोर नहीं पड़ा।

विज्ञापन

सलमान खान - फोटो : एक्स@BeingSalmanKhan
फिल्मी माहौल में पली एक अलग शख्सियत
सलमान खान का जन्म मध्य प्रदेश के इंदौर में हुआ, लेकिन उनका पालन-पोषण मुंबई में हुआ। उनके पिता सलीम खान हिंदी सिनेमा के सबसे बड़े पटकथा लेखकों में गिने जाते हैं। ‘शोले’, ‘दीवार’, ‘डॉन’ जैसी कालजयी फिल्मों के लेखक के घर जन्म लेने के बावजूद सलमान कभी अपने पिता की छाया में सीमित नहीं रहे। बचपन से ही सलमान ने संघर्ष, अनुशासन और मेहनत का मतलब सीखा। फिल्मी परिवार में होने के बावजूद उन्होंने खुद को हमेशा आम लोगों जैसा रखा। यही कारण है कि उनकी पर्सनालिटी में आज भी एक आम लड़के की झलक दिखाई देती है, जो फैंस को उनसे जोड़ती है।

फिल्मी करियर की शुरुआत
सलमान खान ने 1988 में फिल्म ‘बीवी हो तो ऐसी’ से अपने करियर की शुरुआत की। यह रोल भले ही लीड नहीं था, लेकिन उनकी स्क्रीन प्रेजेंस ने लोगों का ध्यान खींचा। इसके बाद आया वह पल जिसने उनकी किस्मत बदल दी। 1989 में रिलीज हुई ‘मैंने प्यार किया’ ने सलमान खान को रातों-रात स्टार बना दिया। प्रेम के किरदार में उनकी मासूमियत, ईमानदारी और सच्चा प्यार दर्शकों के दिल में उतर गया। यह फिल्म सिर्फ हिट नहीं थी, बल्कि एक पीढ़ी की लव स्टोरी बन गई।



यह खबर भी पढ़ें: क्या कृति ने कन्फर्म किया नुपुर-स्टेबिन का रिश्ता? क्रिसमस पर सेनन परिवार के साथ दिखे सिंगर; देखें तस्वीरें

रोमांस का दूसरा नाम बने सलमान
90 के दशक में सलमान खान रोमांटिक हीरो की पहचान बन गए। ‘हम आपके हैं कौन’, ‘हम दिल दे चुके सनम’, ‘हम साथ-साथ हैं’ जैसी फिल्मों में उन्होंने परिवार, रिश्तों और प्यार को पर्दे पर जीवंत किया। इस दौर में सलमान की फिल्मों ने भारतीय पारिवारिक दर्शकों से गहरा रिश्ता बना लिया। उनकी खास बात यह थी कि वह न तो बहुत बोलते थे और न ही जरूरत से ज्यादा अभिनय करते थे। उनकी आंखों और मुस्कान में ही भावनाएं दिख जाती थीं।

करियर का उतार-चढ़ाव और वापसी
हर बड़े स्टार की तरह सलमान खान के करियर में भी एक ऐसा दौर आया, जब उनकी कुछ फिल्में नहीं चलीं। आलोचकों ने सवाल उठाए, बॉक्स ऑफिस पर निराशा मिली, लेकिन सलमान ने हार नहीं मानी। 2009 में आई ‘वांटेड’ ने उनके करियर को नई दिशा दी। इसके बाद ‘दबंग’ ने चुलबुल पांडे के रूप में ऐसा किरदार दिया, जो आज भी सलमान की पहचान माना जाता है। पुलिस की वर्दी, आंखों में शरारत और डायलॉग्स की मार- सबकुछ आइकॉनिक बन गया।



एक्शन, देशभक्ति और भावनाओं का संतुलन
सलमान खान ने अपने करियर में कई ऐसे किरदार निभाए, जिन्होंने उनके अभिनय की रेंज साबित की। ‘बजरंगी भाईजान’ में उन्होंने एक नेकदिल इंसान की भूमिका निभाई, जो धर्म और सीमाओं से ऊपर इंसानियत को रखता है। ‘सुल्तान’ में उन्होंने पहलवान के संघर्ष, हार और वापसी को इतनी सच्चाई से दिखाया कि दर्शक भावुक हो उठे। ‘टाइगर’ की फिल्मो में उन्होंने देशभक्ति और एक्शन का ऐसा मेल दिखाया, जो बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड बनाता गया।

सलमान खान - फोटो : सोशल मीडिया
अभिनेता नहीं, स्टारमेकर भी हैं सलमान खान
सलमान खान ने अपनी प्रोडक्शन कंपनी सलमान खान प्रोडक्शन्स के जरिए कई फिल्मों का निर्माण किया। इसके साथ ही उन्होंने नए कलाकारों को लॉन्च कर इंडस्ट्री को नई दिशा दी। उनके लिए सफलता सिर्फ खुद तक सीमित नहीं रही, बल्कि दूसरों को आगे बढ़ाने का जरिया भी बनी।

टीवी पर भाईजान का जलवा
सलमान खान का टीवी सफर भी बेहद सफल रहा। ‘बिग बॉस’ के होस्ट के रूप में उन्होंने शो को नई पहचान दी। उनका सख्त लेकिन संवेदनशील अंदाज, कंटेस्टेंट्स को समझाने की कला और दर्शकों से जुड़ाव- सबकुछ शो की जान बन गया। सलमान अब तक बिग बॉस के 16 सीजन बैक टू बैक होस्ट कर चुके हैं।



सलमान खान के अवॉर्ड्स
सलमान खान को उनके योगदान के लिए कई बड़े पुरस्कार मिले। फिल्मफेयर, आईफा और राष्ट्रीय स्तर के सम्मान इस बात का सबूत हैं कि उनका प्रभाव सिर्फ बॉक्स ऑफिस तक सीमित नहीं है।

 
विज्ञापन

कैटरीना कैफ और सलमान खान - फोटो : इंस्टाग्राम@katrinakaif, beingsalmankhan
सलमान खान की अधूरी प्रेम कहानियां
सलमान खान की निजी जिंदगी हमेशा सुर्खियों में रही। उनके रिश्ते चर्चा का विषय बने, लेकिन शादी नहीं हो सकी। इसके बावजूद उन्होंने कभी अपने जीवन को लेकर शिकायत नहीं की और परिवार को हमेशा प्राथमिकता दी। सलमान एक समय पर अभिनेत्री संगीता बिजलानी को डेट किया करते थे तो कभी ऐश्वर्या राय संग भी उनके प्यार और फिर दरार के कई किस्से सुनने को मिले। कैटरीना कैफ के साथ भी सलमान ने इश्क का खूब गिटार बजाया। हालांकि हर बार प्यार के मामले में उनकी किस्मत खराब ही रही।

सलमान की नेट वर्थ 
आज सलमान खान बॉलीवुड के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले सितारों में शामिल हैं। फिल्मों, ब्रांड एंडोर्समेंट और टीवी से उनकी कमाई उन्हें एक ग्लोबल आइकन बनाती है। सलमान खान का सफर इस बात का प्रमाण है कि स्टारडम टिकाऊ तब होता है, जब कलाकार अपने दर्शकों से ईमानदारी से जुड़ा हो। एक्शन, रोमांस, भावनाएं और सादगी- इन सबका संतुलन ही सलमान खान को बाकी सितारों से अलग बनाता है। आज भी जब सलमान खान पर्दे पर आते हैं, तो सिनेमाघरों में सीटियां बजती हैं। यही उनकी असली जीत है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें