सैफ अली खान की अपकमिंग फिल्म 'कालाकांडी' 8 सितंबर को रिलीज होने वाली है। फिल्म रिलीज की घोषणा सिनेस्तान फिल्म कंपनी ने की है। सैफ ने फिल्म को लेकर दिए बयान में कहा, 'ये काफी मजेदार फिल्म है। मैं इसका हिस्सा बनकर बहुत खुश हूं। ये फिल्म प्यार और अपराध पर आधारित है।'
फिल्म को अक्षय वर्मा ने डॉयरेक्ट किया है, बतौर निर्देशक ये उनकी पहली फिल्म है। अक्षय 'देल्ही बेली' के स्क्रिप्ट राइटर भी रह चुके है।
सैफ ने कहा, ‘अक्षय ने इसे बेहतरीन तरीके से बनाया है। मुंबई बेहद खूबसूरत शहर है और इसे उन्होंने फिल्म में बहुत अच्छे से दिखाया है।'
खबरों की मानें तो इस फिल्म की स्क्रिप्ट सैफ को ध्यान में रखकर ही लिखी गई थी। 'कालाकांडी' में दीपक डोबरियाल, विजय रज, कुणाल रॉय कपूर, सोबिता धुलिपला, अक्षय ओबरॉय, ईशा तलवार, शेनाज ट्रेजुरिवाला, शिवम पाटिल, अमायरा दस्तूर और नील भूपलम भी हैं।
बता दें कि हाल ही में सैफ अली खान स्टारर फिल्म 'बाजार' का पोस्टर भी सामने आया था जिसके दिसंबर में रिलीज होने की संभावना है। इसके अलावा सैफ फिल्म 'शैफ' में भी काम कर रहे हैं।