मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर की फिल्म 'सचिन: अ बिलियन ड्रीम्स' कल यानि 26 मई को रिलीज हो रही है। 24 मई को सचिन ने भारतीय क्रिकेट टीम और बॉलीवुड हस्तियों के लिए फिल्म की स्क्रीनिंग रखी थी। सचिन ने प्रीमियर में पहुंचे सितारों का ट्विटर पर धन्यवाद किया। प्रीमियर में सचिन अपनी पत्नी अंजली और भाई अजीत के साथ पहुंचे। इस दौरान उनके बच्चे अर्जुन और सारा भी नजर आए।
इस फिल्म में सचिन की जिंदगी के कुछ अनछुए और अनजान पहलुओं को दिखाया जाएगा। सचिन खुद भी इस फिल्म को लेकर काफी उत्साहित हैं। इस फिल्म में उनके एक आम मुंबईकर से लेकर मास्टर ब्लास्टर बनने तक के सफर को दिखाया गया है। फैंस भी सचिन की फिल्म को देखने का बेसब्री से इंतेजार कर रहे हैं।
फिल्म के प्रीमियर के बाद युवराज सिंह ने कहा, 'यह बहुत ही बेहतरीन फिल्म है। फिल्म देखकर मुझे वर्ल्ड कप की याद आ गई। सचिन हमारे दिलों में हमेशा रहेंगे। उन्हें ढेर सारी शुभकामनाएं।' टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने कहा, 'फिल्म बहुत स्पेशल और मोटिवेशनल है। कैसे सचिन की जर्नी शुरू हुई और कैसे वो यहां तक पहुंचे ये देखना दिलचस्प रहा।'